अमित शाह बोले: पूरी दमदारी के साथ पांच साल चलेगी मोदी सरकार, 2029 में भी NDA को ही मिलेगी जीत

Amit Shah on NDA Govt: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का बड़ा काम किया है। देश की जनता ने इस बार के लोकसभा चुनाव में भी पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-08-04 09:40 GMT

Amit Shah on NDA Govt: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों की ओर से मोदी सरकार के जल्द गिरने के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। चंडीगढ़ में आज एक कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री शाह ने कहा कि विपक्षी नेताओं के बयानों में कोई दम नहीं है। मोदी सरकार पूरी दमदारी के साथ 5 साल चलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को जो कहना है,वे कहते रहें मगर 2029 के लोकसभा चुनाव में भी देश में एनडीए की ही सरकार बनेगी।

मोदी सरकार के गिरने का सपना नहीं होगा पूरा

चंडीगढ़ के मनीमाजरा में 24 घंटे जल आपूर्ति परियोजना का उद्घाटन करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन ने देशभर में जितनी सिम हासिल की हैं उनसे ज्यादा सिम अकेले भाजपा की ही है। फिर भी विपक्षी दलों की ओर से बेतुकी बातें की जा रही हैं। मोदी सरकार के जल्द गिरने का विपक्षी दलों का सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है। मनी माजरा जलापूर्ति परियोजना पर 75000 करोड़ से अधिक रुपए खर्च किए गए हैं और इसे एक लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके देश की ताकत दिखाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का बड़ा काम किया है। देश की जनता ने इस बार के लोकसभा चुनाव में भी पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। आगे भी लोग एनडीए सरकार में भरोसा जताते हुए उसे समर्थन देंगे।

चंडीगढ़ के लोगों को नहीं खरीदना होगा मिनरल वाटर

शाह ने कहा कि चंडीगढ़ के लोगों को अब 24 घंटे पानी मिलेगा और उन्हें मिनरल वाटर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पहले महिलाओं को पानी भरने के लिए अलार्म लगाना पड़ता था मगर अब इसकी जरूरत नहीं रह गई है। चंडीगढ़ में पानी की आपूर्ति के लिए अब टैंकर भी नहीं मांगना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता के संकल्प से ही भारत दुनिया में नंबर एक राष्ट्र बनने में कामयाब होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना पैदा करने का काम किया है और इसका बड़ा असर दिख रहा है। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के मेयर कुलदीप कुमार और कांग्रेस के स्थानीय सांसद मनीष तिवारी को भी आमंत्रित किया गया था मगर दोनों नेता कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए नहीं पहुंचे।

विरोध की आशंका से कांग्रेस नेता गिरफ्तार

गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे से पहले पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता आशीष गजनवी समेत कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गजनवी का कहना है कि सुबह 6:30 बजे पुलिस उनके घर पहुंची और साथ चलने को कहा, लेकिन वे नहीं गए। इसके बाद पुलिस उनके घर पर ही बैठ गई और उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। जानकारों का गाना है कि गजनवी और उनके साथी पहले भी अमित शाह के दौरे का विरोध करते रहे हैं और इस कारण पुलिस इस बार सतर्क थी।

युवा कांग्रेस की ओर से हमेशा की तरह इस बार भी अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था। युवा कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से शहर के धार्मिक स्थल तोड़े जा रहे हैं। पिछले कुछ समय के दौरान कई धार्मिक स्थलों को नोटिस भी जारी की गई है।

Tags:    

Similar News