Gujarat Election 2022: '..2002 में सबक सिखाने के बाद बीजेपी ने स्थायी शांति कायम की', गुजरात में बोले अमित शाह

Amit Shah on CAA : गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, CAA लागू नहीं होगा इसे लेकर कोई भ्रम न पालें। ये लागू होगा। हमें इसे लेकर नियम बनाने हैं।

Written By :  aman
Update: 2022-11-25 12:07 GMT

अमित शाह (Social Media) 

Gujarat Elections 2022: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (25 नवंबर) को कहा, कि 'गुजरात (Gujarat) में पहले असामाजिक तत्व हिंसा में लिप्त हुआ करते थे। तब कांग्रेस उनका समर्थन करती थी। लेकिन, साल 2002 में 'सबक सिखाने' के बाद अपराधियों ने ऐसी गतिविधियां बंद कर दीं।' अमित शाह ने ये बातें गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान खेड़ा जिले के महुधा में कही। वो वहां बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में एक जनसभा में गए थे।

गुजरात में अब 'स्थायी शांति' 

उन्होंने कहा, बीजेपी ने राज्य में 2002 के बाद 'स्थायी शांति' कायम की। बता दें कि, गुजरात में फरवरी, 2002 में गोधरा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में आग लगने की घटना के बाद राज्य के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि, 'गुजरात में कांग्रेस के शासनकाल में 1995 से पहले अक्सर साम्प्रदायिक दंगे होते थे।

2002 से 2022 तक रहे हिंसा से दूर

बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा, '..लेकिन साल 2002 में सबक सिखाए जाने के बाद ऐसे तत्वों ने वह रास्ता (हिंसा) छोड़ दिया। वे लोग साल 2002 से साल 2022 तक हिंसा से दूर रहे। उन्होंने आगे कहा, भारतीय जनता पार्टी ने सांप्रदायिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर, गुजरात में 'स्थायी शांति' कायम की।

अनुच्छेद- 370 हटाने पर पीएम को कहा 'थैंक्स'

अपने संबोधन में शाह के निशाने पर कांग्रेस रही। अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद- 370 को हटाए जाने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने 'वोट बैंक' के कारण इसके खिलाफ थी।

शाह ने CAA पर छेड़ी बहस 

देश में चुनावी मौसम के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने नागरिकता संशोधन विधेयक (CAA) पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। गृहमंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट कहा कि, जिन लोगों को ऐसा लग रहा है कि केंद्र सरकार ने CAA को ठंडे बस्ते में डाल दिया है, तो वो गलत हैं। ऐसे लोग किसी कंफ्यूजन में न रहें। उन्होंने ये भी कहा कि, देश में सीएए लागू नहीं होगा, ऐसा सपना देखना भूल होगी।' गृहमंत्री ने ये बातें खबरिया चैनल 'टाइम्स नाउ नवभारत' के एक कार्यक्रम में कही।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने आगे कहा, CAA एक वास्तविकता है। इस देश का कानून है। इसे (CAA) लागू नहीं होने का सपना देखने वाले भूल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि, किस वजह से सीएए को लागू करने में देरी हो रही है। गृहमंत्री ने आगे कहा, हमें CAA को लेकर नियम बनाने हैं। कोरोना महामारी की वजह से ये लागू नहीं पाया था। मगर, अब कोरोना का दौर समाप्त हो रहा है। अब इस पर काम किया जाएगा। आपको बता दें, ये पहली बार नहीं है जब अमित शाह ने ये बातें कही हो। इससे पहले भी अपने कई संबोधन में गृहमंत्री ने नागरिकता कानून (CAA) को लागू करने का जिक्र किया। 

'प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट' पर ये बोले शाह 

खबरिया चैनल के विशेष कार्यक्रम में अमित शाह ने सिर्फ CAA को लेकर ही अपनी बातें नहीं रखी। उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। अमित शाह ने 'प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट' (Places of Worship Act) को लेकर भी जवाब दिया। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, मामला अभी अदालत में में इसलिए इस पर टिप्पणी करना सही नहीं होगा। क्योंकि, अयोध्या फैसले के बाद जो विवाद सामने आए हैं, उसमें इस कानून को लेकर चुनौती सामने आई है। शाह बोले, मैं मानता हूं कि हर कानून कोर्ट की लीगल स्क्रूटनी (Legal Scrutiny) से पास होने चाहिए। सरकार इस पर अपना जवाब दाखिल करेगी। 

'उन्हें इतिहास पढ़ना चाहिए'

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने चीन से सीमा विवाद पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'हमारे पड़ोसी चीन के साथ सीमा विवाद काफी पुराना है। मगर, आज जो सवाल उठा रहे हैं उनके समय में चीन में एक लाख एकड़ से ज्यादा भूमि चली गई। उन्हें इतिहास पढ़ना चाहिए।' अमित शाह ने यहां बिना नाम लिए कांग्रेस पर कटाक्ष किया। साथ ही कहा, चीन विवाद पर जहां तक हमारी सरकार की बात है तो हम प्रतिबद्ध हैं, कि एक इंच जमीन भी विदेशी देश के कब्जे में नहीं जा सकती।' 

शाह बोले- तेलंगाना में BJP की सरकार बनेगी

इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह बीजेपी के 'मिशन साउथ' पर भी अपनी बात रखी। बोले, इस बार वहां बीजेपी की एंट्री होगी। भाजपा की तेलंगाना में सरकार बनेगी। मैं जमीनी नब्ज को पहचानता हूं। जानता हूं कि दक्षिण में अब बदलाव होने वाला है।'

Tags:    

Similar News