Bihar: एक और पुल धाराशायी, नहर पर बना ब्रिज भरभरा कर गिरा, आवागमन ठप

Bihar News: बिहार के सिवान में आज एक और पुल अचानक भरभरा कर गिर गया। चार दिन पहले ही बिहार के अररिया जिले में एक नया पुल ध्वस्त हो गया। अभी पुल का उद्घाटन होना बाकी था, उससे पहले ही पुल धाराशायी हो गया।

Newstrack :  Network
Update:2024-06-22 13:50 IST

बिहार के सिवान में ध्वस्त पुल  

Bihar News: बिहार में एक और पुल हादसा हुआ है। चार दिन के अंदर बिहार में यह दूसरा पुल हादसा है। सिवान के महाराजगंज के पटेढ़ा और गरौली गांव के बीच गंडक नहर पर बना पुल अचानक भरभरा कर गिर गया। घटना आज सुबह की है जब अचानक पुल का एक पाया धंसने लगा। देखते ही देखते पूरा का पूरा पुल नहर में समा गया। इस ब्रिज के गिर जाने से दोनों गांव के बीच आवागमन बाधित हो गया है। इलाके में हड़कंप मच गया। लोग पुल के निर्माण कार्य पर सवाल उठा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में बिहार के अररिया में बकरा नदी पर बना पुल उद्घाटन से पहले ध्वस्त हो गया। बताया गया कि अररिया में बकरा नदी पर बने इस पुल का उद्घाटन किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही करोड़ों की लागत से बना यह पुल धड़ाम हो गया। 

हाल ही में हुई थी नहर की सफाई

ग्रामीणों के अनुसार, बिहार सरकार ने इस पुल का निर्माण 30 साल पहले करवाया था। हाल ही में विभाग ने पुल के नीचे नहर की सफाई करवाई थी। उस दौरान नहर की मिट्टी काटकर नहर के बांध पर फेंक दी गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि इसी वजह से पुल का पाया कमजोर हो गया और आज पुल का पाया टूट गया, जिससे ब्रिज ध्वस्त हो गया। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच टीम गठित किया है। बताया जा रहा है कि 30 फीट चौड़ा और 30 साल पुराना यह पुल था। वही ग्रामीणों ने बताया कि पुल ध्वस्त होने के बाद भी अभी तक कोई विभाग के लोग जायजा लेने नहीं पहुंचे हैं। पुल टूट जाने की वजह से दोनों गांव के लोगों को आने जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार, एक गांव से दूसरे गांव में आने जाने के लिए यही एक पुलिया ही सहारा था।

18 जून को भी एक पुल हुआ था ध्वस्त

बीते 18 जून 2024 को बिहार के ही अररिया जिले के सिकटी प्रखंड में बकरा नदी पर बना पुल उद्घाटन से पहले ही गिर गया था। 182 मीटर का यह नया पुल कुल तीन हिस्सों में बना था। 12 जून को पुल के दो पाए के साथ दो हिस्सा नदी में समा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के तहत यह पुल बनाया गया था। बकरा नदी पर बने इस पुल की लागत 7.79 करोड़ रुपये थी। 182 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण 2021 में शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में यह पुल करीब 7 करोड़ 80 लाख की लागत का था, लेकिन बाद में नदी की धारा बदलने और एप्रोच सड़क को लेकर कुल लागत 12 करोड़ पहुंच गई थी।

Tags:    

Similar News