Arvind Kejriwal: ED Custody में रहते हुए केजरीवाल ने जारी किया पहला आदेश

Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी की कस्टडी में रहते हुए पहला आदेश जारी किया है। ये आदेश जल मंत्रालय से जुड़ा है।

Update: 2024-03-24 04:08 GMT

ईडी कस्टडी में केजरीवाल। (Pic: Social Media)

Arvind Kejriwal Order In ED Custody: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब जेल से सरकार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आज ईडी की कस्टडी से पहला आदेश जारी किया है। ये आदेश जल मंत्रालय से जुड़ा हुआ है। 21 मार्च को गिरफ्तार होने के बाद आज पहली बार मुख्यमंत्री ने सरकार से जुड़ा कोई आदेश जारी किया है। इस आदेश का आर्डर दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी को भेजा गया है। मामले को लेकर आज सुबह 10 बजे आतिशी प्रेस कांफ्रेंस करेंगी। प्रेस कांफेंस में आदेश को लेकर चर्चा हो सकती है। साथ ही पार्टी की रणनीति पर बात हो सकती है। 

28 मार्च तक कस्टडी मे हैं केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए हैं। ईडी ने केजरीवाल को 28 मार्च तक यानी 7 दिन के लिए कस्टडी में रखा है। केजरीवाल से पहले इस मामले में मनीष सिसोदिया को भी गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी के बाद भी केजरीवाल और उनकी पार्टी का साफ कहना था कि वो मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा नहीं देंगे। जिसके बाद आज केजरीवाल ने जेल से सरकार से जुड़ा पहला आदेश दिया है। ये आदेश दिल्ली जल मंत्रालय से जुड़ा हुआ है। जिसका पदभार आतिशी संभाल रही हैं। ईडी ने 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया, जिसके कुछ ही घंटों बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्हें दंडात्मक कार्रवाई के प्रति सुरक्षा देने से इनकार कर दिया। केजरीवाल ने पहले अपने खिलाफ जारी समन सहित सभी कार्यवाही को रद्द करने और खारिज करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। उस याचिका में केजरीवाल ने कहा था कि वह केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के "मुखर आलोचक" हैं, एक विपक्षी नेता और इंडिया ब्लॉक में भागीदार हैं, और ईडी, केंद्र सरकार के नियंत्रण में है। यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की उत्पाद शुल्क नीति को तैयार करने और क्रियान्वित करने में कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित है। इस मामले में आप के शीर्ष नेता मनीष सिसौदिया और संजय सिंह न्यायिक हिरासत में हैं।

मुख्यमंत्री पद से नहीं दिया है इस्तीफा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा था कि संविधान में कोई भी प्रावधान मौजूदा सीएम को सरकार चलाने से नहीं रोकता है। मान ने कहा कि "आप" जेल में कार्यालय स्थापित करने की अनुमति के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएगी ताकि केजरीवाल दिल्ली सरकार चला सकें। मान ने कहा कि अगर केजरीवाल पर दोष साबित नहीं हुआ तो वह जेल से सरकार चला सकते हैं और जहां तक चुनाव प्रचार की बात है तो यह केजरीवाल की विचारधारा का प्रचार होगा। प्रत्येक उम्मीदवार और प्रत्येक स्वयंसेवक केजरीवाल के रूप में प्रचार करेगा।

आतिशी करेंगी प्रेस कांफ्रेंस 

केजरीवाल द्ववारा जेल से आदेश देने के बाद आज दिल्ली की जल मंत्री अतिशी सुबह 10 बजे पीसी करेंगी। इस दौरान वो अरविंद केजरीवाल की रणनीतियों पर चर्चा कर सकती हैं। साथ ही सरकार के विरोध में पार्टी के प्रदर्शन पर भी महत्तवपूर्ण बातें कह सकती हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आतिशी ही सरकार को मीडिया के सामने दिल्ली सरकार का पक्ष रखती नजर आ रही हैं। 

आज दिल्ली में हो रहा है विरोध प्रदर्शन 

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी समर्थक आज सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता इसके खिलाफ लगातार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। 

Tags:    

Similar News