Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी, कन्हैया कुमार, केसी वेणुगोपाल समेत कई कांग्रेस नेताओं पर FIR दर्ज, असम सीएम ने दी जानकारी

Bharat Jodo Nyay Yatra: सभी पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का केस दर्ज किया गया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-01-24 02:20 GMT

Rahul Gandhi   (photo: social media )

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 11 वां दिन है। यात्रा फिलहाल भारतीय जनता पार्टी शासित असम में चल रही है। कल यानी मंगलवार 23 जनवरी को देर रात असम पुलिस ने राहुल गांधी, कन्हैया कुमार और केसी वेणुगोपाल समेत कई अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की। सभी पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का केस दर्ज किया गया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्वंय एक्स पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, कांग्रेस सदस्यों द्वारा हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के अनियंत्रित कृत्यों के संदर्भ में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120 (बी) 143/147/188/283/353/332/333/427 आईपीसी आर/डब्ल्यू धारा 3 पीडीपीपी अधिनियम के तहत एक FIR दर्ज़ की गई है।

इससे पहले पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प पर असम सीएम ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं. ऐसी "नक्सली रणनीति" हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं। मैंने डीजीपी असम पुलिस को भीड़ को उकसाने के लिए आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने और आपके द्वारा अपने हैंडल पर पोस्ट किए गए फुटेज को सबूत के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया है। आपके अनियंत्रित व्यवहार और सहमत दिशानिर्देशों के उल्लंघन के परिणामस्वरूप अब गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है’।

कांग्रेस नेताओं पर असम पुलिस का क्या है आरोप

दरअसल, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल यानी 10वें दिन गुवाहाटी पहुंची, जिसे शहर के अंदर जाने से पुलिस ने रोक दिया। राहुल गांधी अपने काफिले के साथ शहर के बीच से गुजरना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसकी परमिशन नहीं मिली। पुलिस ने शहर के अंदर जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस से भिड़ गए।

असम पुलिस ने FIR में आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने आपराधिक साजिश के तहत भीड़ को उकसाया और उन्हें रास्ते से भटकाकर गुवाहाटी शहर की ओर ले गए। भीड़ के हिंसक और अनियंत्रित हो जाने के कारण एनएच 37 पर जाम लग गया। जीएस रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी पुलिसकर्मियों पर हमले किए। पुलिसकर्मियों द्वारा मना किए जाने के बाद भी वे नहीं रुके।

राहुल बोले, मैं डरता नहीं

असम पुलिस की कार्रवाई पर राहुल गांधी ने बारपेटा में एक सभा को संबोधित करने के दौरान कहा, मैं इन चीजों से नहीं डरता। मुझे गाली दो, मुझे निशाना बनाओ या मुझे परेशान करो, मैं डरता नहीं हूं। मैं अपनी सच्चाई के लिए लड़ता हूं, भले ही पूरी दुनिया दूसरी तरफ खड़ी हो। वहीं, पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के झड़प पर राहुल ने कहा कि जिस रास्ते पर हमारे यात्रा को रोका गया, उसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली थी, तब ट्रैफिक जाम नहीं हुआ था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं, हमने कोई कानून नहीं तोड़ा है।

बता दें कि असम में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याया यात्रा 25 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी।

Tags:    

Similar News