Assembly Election 2023: चार राज्यों में कांग्रेस ने बनाई खास रणनीति, महिलाओं पर पार्टी का विशेष फोकस, अलग घोषणापत्र की तैयारी

Assembly Election 2023: कांग्रेस मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में जवाबी रणनीति का खाका तैयार करने की कोशिश में जुट गई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-03-10 04:15 GMT
Assembly Elections 2023 (Pic: Social Media)

Assembly Elections 2023: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब तीन प्रमुख हिंदी भाषी राज्यों और कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा की ओर से की जा रही घेरेबंदी को जवाब देने के लिए कांग्रेस भी मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में जवाबी रणनीति का खाका तैयार करने की कोशिश में जुट गई है।

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में बड़ी कामयाबी मिलने के बाद पार्टी इन राज्यों में भी महिला मतदाताओं पर ज्यादा फोकस करने की रणनीति तैयार कर रही है। हिमाचल में कांग्रेस की जीत में महिलाओं की बड़ी भूमिका मानी गई थी। इसलिए पार्टी की ओर से इन सभी राज्यों में महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र जारी करने की तैयारी है। कांग्रेस का मानना है कि आधी आबादी का समर्थन हासिल होने पर पार्टी इन चुनावी राज्यों में भाजपा को कड़ी चुनौती देने में कामयाब होगी।

कर्नाटक में पार्टी का विशेष अभियान

कर्नाटक का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दक्षिण भारत में कर्नाटक की ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां मौजूदा समय में भाजपा की सत्ता है। इसलिए भाजपा कर्नाटक में पूरी ताकत लगाने की तैयारी में जुटी हुई है। दूसरी ओर कांग्रेस भी इस बार कर्नाटक में भाजपा को कड़ा जवाब देना चाहती है। इसलिए कांग्रेस की ओर से कर्नाटक में महिलाओं के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक में महिलाओं के लिए 'ना नायकी' यानी मैं नेता हूं अभियान शुरू किया है। कर्नाटक में महिला मतदाताओं की संख्या करीब 49 फ़ीसदी है। इसलिए चुनावी नतीजे का फैसला करने में महिलाओं की भूमिका काफी अहम होगी। महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से कई महत्वपूर्ण ऐलान किए जा सकते हैं।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस का जवाबी ऐलान

कर्नाटक में कांग्रेस की ओर से महिलाओं को प्रतिमाह दो हजार रुपए देने का बड़ा वादा किया गया है। पार्टी का कहना है कि गृह लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर माह यह रकम जमा करवाई जाएगी। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने भाजपा को जवाब देते हुए महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है।

दरअसल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए देने का ऐलान किया है। भाजपा के इस ऐलान की काट के लिए कांग्रेस की ओर से राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए देने का वादा किया गया है।

छत्तीसगढ़-राजस्थान में भी महिलाओं पर फोकस

छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी कांग्रेस महिलाओं पर विशेष रूप से फोकस कर रही है। इन दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं। भाजपा इन राज्यों में सत्ता बदलने की कोशिश में जुटी हुई है और इसलिए कांग्रेस की ओर से भी जवाबी रणनीति तैयार की गई है। दोनों राज्यों में हाल में पेश किए गए बजट में आधी आबादी का विशेष ख्याल रखा गया है। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और घरेलू व कामकाजी महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं।

राजस्थान में महिला मतदाताओं की संख्या करीब 50 फीसदी है और मध्य प्रदेश में भी महिला मतदाता 50 फ़ीसदी से थोड़ा ही कम हैं। छत्तीसगढ़ में महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। कांग्रेस के रणनीतिकारों का कहना है कि ऐसे में महिला मतदाताओं की चुनाव में प्रमुख भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस के संविधान में हाल में संशोधन करके महिलाओं और युवा नेताओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया है। पार्टी के इस कदम के पीछे भी आधी आबादी को बढ़ावा देने की सोच को बड़ा कारण माना जा रहा है। 

Tags:    

Similar News