Badlapur Sexual Assault: बदलापुर की घटना पर बवाल जारी, चढ़ा सियासी पारा, महाराष्ट्र बंद का हुआ आह्वान

Badlapur Sexual Assault: इस घटना पर प्रदर्शन करने वाले लोगों पर ही राज्य सरकार ने एफआईआर दर्ज करवा दिया, इससे महाराष्ट्र के लोग उत्तेजित हैं, उनमें रोष है। हमने फैसला किया है कि 24 अगस्त को एमवीए बदलापुर की घटना को लेकर महाराष्ट्र बंद का आह्वान करेगा।

Report :  Viren Singh
Update: 2024-08-21 11:04 GMT

Badlapur Sexual Assault: (सोशल मीडिया) 

Badlapur Sexual Assault: महाराष्ट्र के ठाणे के बदलापुर में दो बच्चियों से स्कूल में यौन शोषण का मामला सामने के बाद बवाल मचा हुआ है। घटना को लेकर लोगों में तो रोष है ही साथ ही, अब इसमें सियासी रंग भी चढ़ चुका है। बदलापुर घटना को लेकर बुधवार को विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के दल एनसीपी (शरद पावर गुट) की नेता सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ धरना प्रदर्शन दिया है तो, जबकि तीन दिन बाद मराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। राज्य के विपक्षी दलों के गठबंधन विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने बुधवार को बदलापुर की घटना को लेकर 24 अगस्त को ‘महाराष्ट्र बंद’ ऐलान किया है।

राउत का ऐलान, 24 को महाराष्ट्र बंद

इस घटना पर बुधवार को मुंबई में एमवीए सहयोगी दलों की बैठक हुई थी। इसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार एनसीपी (एसपी) शामिल हुई थी, जिसमें इस बात का फैसला लिया गया कि दो बच्चियों के साथ हुए यौन शोषण के मामले में महा विकास अघाड़ी 24 अगस्त को महाराष्ट्र बंद करेगा। शिव सेना यूबीटी नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि वे सीट बंटवारे पर चर्चा करने आए थे, लेकिन फिर सोचा कि वे सीट बंटवारे पर चर्चा नहीं करेंगे और इसके बजाय राज्य में कानून-व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस घटना पर प्रदर्शन करने वाले लोगों पर ही राज्य सरकार ने एफआईआर दर्ज करवा दी, इससे महाराष्ट्र के लोग उत्तेजित हैं, उनमें रोष है। हमने फैसला किया है कि 24 अगस्त को एमवीए बदलापुर की घटना को लेकर महाराष्ट्र बंद का आह्वान करेगा।

घटना पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बुधवार को बच्चियों के साथ यौन शोषण मामले में बदलापुर में राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में रिहा कर दिया गया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने भी राज्य सचिवालय मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्रालय के गेट के बाहर तख्तियां लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एफआईआर दर्ज करने में देरी के लिए सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परिसर में घुसने से रोक दिया।

सरकार महिलाओं पर अपराध छिपा रही

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र सबसे बड़ा राज्य है, जहां बच्चों के खिलाफ अपराध होता है। राज्य में ऐसी 21,000 घटनाएं हुई हैं और सरकार उन्हें छिपा रही है। कांग्रेस नेता असलम शेख ने शिंदे-फडणवीस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ आप लड़की बहन योजना के तहत पैसे मुहैया करा रहे हैं और दूसरी तरफ ठाणे में अपराध 57 फीसदी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद वहीं से हैं। जब वहां कोई सुरक्षा नहीं है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं तो अन्य जगहों का क्या हाल होगा। आज आज पूरा महाराष्ट्र जल रहा है। हम चाहते हैं कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराए।

जानिए क्या है पूरा मामला

बता दें कि 17 अगस्त को पुलिस ने यौन उत्पीड़न के मामले में स्कूल के एक अटेंडेंट को गिरफ्तार किया था। शख्स पर किंडरगार्टन में पढ़ रहीं तीन और चार साल की दो बच्चियों से उत्पीड़न का आरोप था। इसकी शिकायत बच्चियों ने अपने माता पिता को दी। पीड़ित बच्चियों के घर वालों ने एक दिन बाद इस मामले में केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने आरोपी अक्षय शिंदे को पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। इस मामले कई लोगों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत इलाके की महिला इंस्पेक्टर शुभदा शितोले का ट्रांसफर कर दिया गया। मंगलवार को इस घटना पर बदलापुर में लोगों की भीड़ ने काफी बवाल किया।

प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन, 30 गिरफ्तार

उग्र भीड़ ने बदलापुर स्टेशन पर आकर प्रदर्शन किया और ट्रेनें रोकीं। पुलिस ने जब भीड़ हटाने के लिए कोशिश की और नहीं मानने पर लाठी चार्ज किया तो उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हुए। इस प्रदर्शन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसमें 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Tags:    

Similar News