Bharat Jodo Yatra: एमपी में भारत जोड़ो यात्रा का आज चौथा दिन, धक्का-मुक्की में नीचे गिरे दिग्विजय सिंह

Bharat Jodo Yatra: यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद बड़वाह से करीब चार किलोमीटर आगे बढ़ने पर चोर बावड़ी के पास बने एक होटल पर चाय पीने के लिए रूके। टी ब्रेक के दौरान यह भगदड़ मच गई।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-11-26 06:34 GMT

Digvijay Singh  (photo: social media )

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वायनाड से सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज चौथा दिन है। राहुल गांधी ने शनिवार सुबह खंडवा जिले के मोरटक्का से सुबह 6 बजे यात्रा शुरू की। यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद बड़वाह से करीब चार किलोमीटर आगे बढ़ने पर चोर बावड़ी के पास बने एक होटल पर चाय पीने के लिए रूके। टी ब्रेक के दौरान यह भगदड़ मच गई।

कार्यकर्ताओं के बीच धक्का – मुक्की में एमपी के पूर्व सीएम और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय नीचे गिर गए। इतना ही नहीं, दिग्गी राजा के ऊपर भी कुछ कार्यकर्ता गिर गए। आनन-फानन में वहां मौजूद अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंह को सहारा देकर जमीन से उठाया। दिग्विजय सिंह इस घटना को लेकर काफी नाराज हो गए। हालांकि, वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है।

खरगोन में लंच ब्रेक के लिए रूके राहुल

भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सुबह साढ़े 9 बजे खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गए। यहां वह लंच ब्रेक के लिए रूके हैं। यात्रा का दूसरा चरण दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। यहां से यात्रा महू पहुंचेगी। राहुल यहां आंबेडकर स्मारक पर संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर को नमन करेंगे। इसके बाद आमसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व सीएम कमलनाथ समेत देश व प्रदेश स्तर के 40 नेता मौजूद रहेंगे।

प्रियंका गांधी दिल्ली लौटीं

कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी अपने पिता रॉबर्ट वाड्रा के साथ मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं। टी ब्रेक के बाद दोनों इंदौर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके बेटे भी यात्रा में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि प्रियंका अब राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के साथ जुड़ेंगी।

Tags:    

Similar News