JDU के नाम तय लेकिन भाजपा में बदल जाएंगे चेहरे! इस दिन होगा बिहार में कैबिनेट विस्तार

Bihar Cabinet Expansion 2026: भाजपा और जेडीयू ने कैबिनेट विस्तार के लिए लिस्ट तैयार कर लिया है...

Update:2026-04-29 18:54 IST

Bihar Cabinet Expansion 2026: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज है और इस बार वजह है संभावित मंत्रिमंडल विस्तार। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार का बहुप्रतीक्षित विस्तार 6 मई को हो सकता है। तारीख सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में वही पुराना खेल शुरू हो गया है कौन अंदर, कौन बाहर और किसका कद कितना बढ़ा।

सूत्रों के मुताबिक इस बार सत्ता-संतुलन का गणित पहले से ज्यादा मैकेनिकल और कम भावनात्मक नजर आ रहा है। बीजेपी और जेडीयू के बीच 16-16 मंत्रियों का फॉर्मूला लगभग तय बताया जा रहा है। यानी सत्ता की गाड़ी में बराबरी की सीटें, लेकिन स्टीयरिंग की चर्चा अलग ही स्तर पर है। सहयोगी दलों एलजेपीआरवी, आरएलएम और हम को मिलाकर कुल 4 मंत्री पद दिए जाने की संभावना है, ताकि गठबंधन का मोरल बैलेंस भी बना रहे।

JDU में किसका-किसका नाम?

जेडीयू खेमे में फिलहाल ज्यादा उठापटक की उम्मीद नहीं है। नीतीश कुमार के भरोसेमंद पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताए जाने के संकेत हैं। विजय चौधरी और विजेंद्र यादव जैसे नाम पहले से ही सूची में मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। बाकी जिन चेहरों की चर्चा है, उनमें श्रवण कुमार, लेसी सिंह, अशोक चौधरी, जमा खान, शीला मंडल, सुनील कुमार, मदन सहनी, रत्नेश सदा, भगवान सिंह कुशवाहा और जयंत राज जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। यहां अनुभव का वजन फिलहाल एक्सपेरिमेंट से भारी नजर आता है।

भाजपा खेमे में धड़कने तेज

दूसरी तरफ बीजेपी खेमे में कहानी थोड़ी अलग है। यहां बदलाव की हवा ज्यादा तेज बह रही है और समीकरण जातीय संतुलन, युवा चेहरों और संगठनात्मक मजबूती के बीच झूल रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि इस बार मंत्रिमंडल में संतुलन शब्द सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं रहेगा।

बीजेपी कोटे से जिन नामों की चर्चा चल रही है, उनमें मंगल पांडेय, विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अरुण शंकर प्रसाद, संजय सिंह ‘टाइगर’ और संगीता कुमारी शामिल हैं। यानी कुछ पुराने चेहरे और कुछ नए प्रयोग दोनों का मिश्रण तैयार होता दिख रहा है।

सहयोगियों के लिए क्या खास

सहयोगी दलों की बात करें तो एलजेपीआरवी के चिराग पासवान अपने मौजूदा दोनों मंत्रियों संजय पासवान और संजय सिंह पर भरोसा दोबारा जता सकते हैं। वहीं आरएलएम से दीपक प्रकाश का नाम फिर से चर्चा में है। जीतन राम मांझी की पार्टी हम (HAM) से संतोष मांझी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। अब सबकी नजरें 6 मई पर टिकी हैं जब यह साफ होगा कि यह मंत्रिमंडल विस्तार वाकई नई टीम है या फिर पुराने खिलाड़ियों की नई जर्सी।

Tags:    

Similar News