UP BJP Candidate List: यूपी में 51 सीटों पर भाजपा ने खोले पत्ते, PM मोदी, राजनाथ और स्मृति ईरानी के नाम, चेहरा बदलने वाली सीटें होल्ड पर

UP BJP Candidate List: भारतीय जनता पार्टी ने आज 2024 के लोकसभा चुनाव में 195 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 51 सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-02 14:35 GMT

यूपी में 51 सीटों पर भाजपा ने खोले पत्ते, PM मोदी, राजनाथ और स्मृति ईरानी के नाम, चेहरा बदलने वाली सीटें होल्ड पर: Photo- Social Media

UP BJP Candidate List: भारतीय जनता पार्टी ने आज 2024 के लोकसभा चुनाव में 195 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 51 सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की सबसे हाई प्रोफाइल सीट वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार चुनावी अखाड़े में उतरेंगे। लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है जबकि अमेठी में स्मृति ईरानी भाजपा उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस को चुनौती देंगी।

बसपा सांसद रितेश पांडे को अंबेडकर नगर से मिला टिकट

भाजपा की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची से साफ हो गया है कि पार्टी ने 51 सीटों में अधिकांश पर अपने पुराने दिग्गज चेहरों पर ही भरोसा जताया है। वैसे अभी हाल में भाजपा में शामिल होने वाले बसपा सांसद रितेश पांडे को अंबेडकर नगर से चुनाव मैदान में उतारा गया है जबकि कृपा शंकर सिंह को जौनपुर से टिकट दिया गया है।

रितेश पांडे: Photo- Social Media

इन सीटों को अभी होल्ड पर रखा गया

जिन सीटों पर पार्टी की ओर से उम्मीदवार बदले जाने की चर्चाएं हैं, उन सभी सीटों को अभी होल्ड पर रखा गया है। माना जा रहा है कि इन सीटों पर व्यापक चर्चा के बाद प्रत्याशी का फैसला किया जाएगा। इन सीटों पर नए चेहरों को उतारा जा सकता है।

पीएम नरेंद्र मोदी: Photo- Social Media

वाराणसी सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे पीएम मोदी

वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव लड़ना पहले ही तय माना जा रहा था। भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आज सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का ही ऐलान किया गया। पीएम मोदी की संसदीय सीट पर सबकी निगाहें लगी हुई थीं और इसलिए पार्टी ने सबसे पहले उनकी सीट का ही ऐलान किया।

पीएम मोदी ने इस सीट पर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी। अब पार्टी की ओर से उन्हें तीसरी बार इस लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा गया है। सपा और कांग्रेस के गठबंधन में वाराणसी संसदीय सीट कांग्रेस के खाते में गई है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस की ओर से अब पीएम मोदी के खिलाफ कौन उम्मीदवार उतारा जाता है।

राजनाथ सिंह: Photo- Social Media

राजनाथ सिंह को फिर लखनऊ से उतारा

प्रदेश की दो और लोकसभा सीटों पर सबकी निगाहें लगी हुई थी। हालांकि इन दोनों सीटों पर भी पहले ही उम्मीदवार तय माने जा रहे थे। उम्मीद के मुताबिक लखनऊ संसदीय सीट पर एक बार फिर राजनाथ सिंह सपा को चुनौती देंगे। सपा ने इस सीट पर रविदास मल्होत्रा को चुनाव मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भारी मतों से जीत हासिल की थी और अब तीसरी बार उन्हें इस सीट पर पार्टी की ओर से चुनावी मैदान में उतारा गया है।

स्मृति ईरानी: Photo- Social Media

अमेठी में स्मृति ईरानी देगी कांग्रेस को चुनौती

अमेठी संसदीय सीट पर भी सबकी निगाहें लगी हुई थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस सीट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराकर सनसनी फैला दी थी। 2019 की इस बड़ी जीत के बाद स्मृति ईरानी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रही हैं और पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। अमेठी संसदीय सीट कांग्रेस के खाते में गई है और अब यह देखने वाली बात होगी कि अमेठी के सियासी अखाड़े में एक बार फिर स्मृति ईरानी और राहुल गांधी की भिड़ंत होती है या नहीं।

रवि किशन: Photo- Social Media

योगी के गढ़ गोरखपुर में रवि किशन फिर प्रत्याशी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में एक बार फिर रवि किशन पर भाजपा ने भरोसा जताया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी के बाद रवि किशन फिर टिकट हासिल करने में कामयाब रहे हैं। रवि किशन को भले ही इस सीट पर उम्मीदवार बनाया गया हो मगर इतना तो तय है कि यहां का चुनाव योगी आदित्यनाथ के नाम पर ही लड़ा जाएगा।

हेमा मालिनी: Photo- Social Media

डुमरियागंज से जगदंबिका पाल, फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति, चंदौली से महेंद्र नाथ पांडेय, कैराना से प्रदीप कुमार, मथुरा से हेमा मालिनी और आगरा से सत्यपाल बघेल को टिकट दिया गया है। महेंद्र नाथ पांडेय केंद्रीय मंत्री रहे हैं और उन्होंने पिछले चुनाव में चंदौली में बड़ी जीत हासिल की थी। अब चंदौली सीट पर उनका मुकाबला सपा के वीरेंद्र सिंह से होगा। हेमा मालिनी ने एक बार फिर मथुरा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी और पार्टी ने उन पर फिर भरोसा जताया है।

दिनेश लाल यादव निरहुआ: Photo- Social Media

सपा के गढ़ में निरहुआ फिर देंगे चुनौती

समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में भाजपा ने भोजपुरी फिल्मों के चर्चित अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को 2024 की सियासी जंग में फिर चुनावी अखाड़े में उतार दिया है। निरहुआ ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल करते हुए सपा को करारा झटका दिया था।

इस सीट पर सपा की ओर से पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं। सपा के गढ़ में अब भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं और अब यह देखने वाली बात होगी कि सपा की ओर से किस उम्मीदवार को उतारा जाता है।

विरोध दरकिनार,टेनी फिर अखाड़े में उतरे

भाजपा की सूची में एक उल्लेखनीय नाम अजय मिश्रा टेनी का भी है। किसान आंदोलन के दौरान अजय मिश्रा टेनी और उनके बेटे आशीष मिश्रा काफी विवादों में रहे थे। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर किसान संगठनों ने लंबा आंदोलन भी चलाया था। ऐसे में उनके टिकट पर सबकी निगाहें लगी हुई थीं और पार्टी ने एक बार फिर टेनी पर भरोसा जताते हुए उन्हें खीरी से चुनाव मैदान में उतार दिया है।

नृपेंद्र मिश्रा के बेटे को भी मिला टिकट

श्रावस्ती लोकसभा सीट से नृपेंद्र मिश्रा के एमएलसी बेटे साकेत मिश्रा को टिकट दिया गया है। मोहनलालगंज संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है जबकि उन्नाव सीट पर साक्षी महाराज एक बार फिर भाजपा का चेहरा होंगे।

फतेहपुर संसदीय सीट से साध्वी निरंजन ज्योति को फिर चुनावी अखाड़े में उतारा गया है जबकि जौनपुर से पूर्व मंत्री कृपा शंकर सिंह कमल के निशान पर विपक्षी दलों को चुनौती देंगे। एटा से राजवीर सिंह राजू भैया एक बार फिर भाजपा का चेहरा होंगे जबकि गौतम बुद्ध नगर से महेश शर्मा को चुनावी अखाड़े में उतारा गया है।

यूपी से भाजपा उम्मीदवारों की सूची

उत्तर प्रदेश में भाजपा के 51 उम्मीदवारों की पूरी सूची इस प्रकार है-

वाराणसी- नरेंद्र मोदी

कैराना- प्रदीप कुमार

मुजफ्फरनगर- संजीव कुमार बालियान

नगीना- ओम कुमार

रामपुर- घनश्याम लोधी

संभल- परमेश्वर लाल सैनी

अमरोहा- कंवर सिंह तोमर

गौतमबुद्ध नगर- महेश शर्मा

बुलंदशहर- डॉ भोला सिंह

मथुरा- हेमा मालिनी

आगरा- सत्यपाल सिंह बघेल

फतेपुर सीकरी- राजकुमार चाहर

एटा- राजवीर सिंह राजू भैया

आंवला- धर्मेंद्र कश्यप

शाहजहांपुर- अरुण कुमार सागर

खीरी- अजय मिश्रा टेनी

धौरहरा- रेखा वर्मा

सीतापुर- राजेश वर्मा

हरदोई- जयप्रकाश रावत

मिसरिख- अशोक कुमार रावत

उन्नाव- साक्षी महाराज

मौहनलाल गंज- कौशल किशोर

लखनऊ- राजनाथ सिंह

अमेठी- स्मृति इरानी

प्रतापगढ़- संगम लाल गुप्ता

इटावा- रामशंकर कठेरिया

कन्नौज- सुब्रत पाठक

अकबरपुर- देवेंद्र सिंह भोले

झांसी- अनुराग शर्मा

हमीरपुर- पुष्पेंद्र सिंह चंदेल

बांदा- आरके सिंह पटेल

फतेहपुर- साध्वी निरंजन ज्योति

बाराबंकी- उपेंद्र सिंह रावत

फैजाबाद- लल्लू सिंह

अंबेडकरनगर- रितेश पांडेय

श्रावस्ती- साकेत मिश्रा

गोंडा- कीर्तिवदन सिंह

डुमरियागंज- जगदंबिका पाल

बस्ती- हरीश द्विवेदी

संत कबीरनगर- प्रवीण निषाद

महाराजगंज- पंकज चौधरी

गोरखपुर- रवि किशन

कुशीनगर - विजय कुमार दुबे

बांसगांव- कमलेश पासवान

लालगंज- नीलम सोनकर

आजमगढ़- दिनेश लाल यादव निरहुआ

सलेमपुर- रवींद्र कुशवाहा

जौनपुर - कृपाशंकर सिंह

चंदौली- महेंद्र नाथ पांडेय

फर्रुखाबाद- मुकेश राजपूत।

Tags:    

Similar News