भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी, कई संगठन मंत्रियों को मिलेगी नई जिम्मेदारी, संघ जल्द लगा फैसला

BJP big changes: महाराष्ट्र में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं मगर वहां अभी तक भाजपा में कोई संगठन मंत्री तैनात नहीं किया गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-07-30 04:16 GMT

भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी   (photo: social media )

BJP big changes: लोकसभा चुनाव में अपेक्षित नतीजा न मिलने के बाद भाजपा के संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी है। लोकसभा चुनाव के दौरान कई राज्यों में भाजपा को करारा झटका लगा था जिसके बाद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।

इसके तहत कई राज्यों के संगठन मंत्रियों में फेरबदल करने की तैयारी है। जिन राज्यों में अभी तक संगठन मंत्रियों के तैनाती नहीं है,वहां नए संगठन मंत्रियों का तैनात किया जा सकता है। संघ की ओर से कई चेहरों को संगठन मंत्री के तौर पर भाजपा में भेजने की तैयारी है।

कई बड़े राज्यों में अभी तक संगठन मंत्री नहीं

महाराष्ट्र में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं मगर वहां अभी तक भाजपा में कोई संगठन मंत्री तैनात नहीं किया गया है। राजस्थान,कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों में पार्टी संगठन मंत्री के बिना ही काम कर रही है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों और गोवा में भी अभी तक संगठन मंत्री के तैनाती नहीं की जा सकी है।

पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी हाल में भाजपा के संगठन मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक के दौरान संगठन की कमजोरी की पहचान और उन्हें दूर करने पर काफी जोर दिया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान संगठन की कमजोरी से हुई सियासी नुकसान पर भी गहराई से मंथन किया गया था।

कई संगठन मंत्रियों को मिल सकती है नए राज्यों की जिम्मेदारी

भाजपा में संगठन मंत्री आरएसएस की ओर से ही भेजे जाते हैं। वरिष्ठ प्रचारकों को भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाती है। ऐसे में संगठन मंत्रियों के कमी दूर करने के बारे में आखिरी फैसला संघ को ही लेना है। बैठक के दौरान कई राज्यों में संगठन मंत्रियों के न होने और कई राज्यों में संगठन मंत्रियों की अधिक उम्र के कारण सक्रियता में कमी का मुद्दा भी उठा।

बैठक में इस बात के भी संकेत मिले कि कई संगठन मंत्रियों को नए राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। लोकसभा चुनाव के दौरान जिन राज्यों में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है,वहां के संगठन मंत्रियों में भी बदलाव का संकेत मिला है।

संगठन मंत्री की भूमिका क्यों है महत्वपूर्ण

भाजपा में संगठन मंत्री की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि संगठन मंत्री ही सरकार, संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करता है। 31 अगस्त से 2 सितंबर तक संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों की बैठक होने वाली है।

माना जा रहा है कि इस दौरान भाजपा में भेजे जाने वाले संगठन मंत्रियों के बारे में फैसला किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान अनुषांगिक संगठनों के प्रमुखों के अलावा भाजपा के अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

समन्वय की कमी दूर करने का प्रयास

इस बैठक के दौरान भाजपा और संघ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की जाएगी। जानकारों के मुताबिक वरिष्ठ प्रचारकों को संगठन मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व सौंप कर संघ और भाजपा के बीच समन्वय को मजबूत बनाया जाएगा।

लोकसभा चुनाव में पार्टी के हार का एक प्रमुख कारण संघ और भाजपा के बीच समन्वय की कमी को भी माना गया था। इसलिए शीर्ष स्तर पर इस कमी को दूर करने की दिशा में मजबूती से काम किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News