Byelection Results 2023: पांच राज्यों की 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के वोटों की मतगणना, एक लोकसभा सीट के वोटों की गिनती

Byelection Results 2023: त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव के अलावा देश के 6 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के परिणाम भी आज आ रहे है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Report :  Prashant Dixit
Update: 2023-03-02 08:45 GMT

Byelection Results 2023 (Photo: Pocial Media )

Byelection Results 2023: पूर्वोतर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। तीन राज्यों में मतगणना जारी है और दोपहर तक स्थिति स्पष्ट होने के आसार हैं। 27 फरवरी को मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव के अलावा देश के 6 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी हुआ था। जिसके नतीजे भी आज ही आएंगे। देश के पांच राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए उपचुनाव को लेकर वोटों की गिनती जारी है।

इन राज्यों में हुए थे उपचुनाव

चुनाव आयोग ने जनवरी में पूर्वोतर के तीन राज्यों (त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड) में विधानसभा चुनाव कराने के ऐलान के साथ-साथ कुछ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश में उपचुनाव कराने का ऐलान भी किया था। आयोग के ऐलान के अनुसार, 27 फरवरी को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, अरूणाचल प्रदेश, झारखंड की एक-एक सीट और महाराष्ट्र की दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव कराए गए। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराए गए। इन सभी उपचुनावों के नतीजे आज यानी गुरूवार 2 मार्च को आएंगे।

उपचुनाव में यह चल रहे आगे

फिलहाल, रामगढ़ झारखंड उपचुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन पार्टी आगे चल रही है। चिंचवाड़ पुणे, महाराष्ट्र उपचुनाव में भाजपा और कस्बा पेठ सीट पुणे, महाराष्ट्र पर कांग्रेस आगे चल रही है। तो वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा के सागरदिघी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बायरन बिस्वास आगे हैं। तमिलनाडु की इरोड ईस्ट उपचुनाव में कांग्रेस के ईवीकेएस एलंगोवन आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार की जीत

महाराष्ट्र कसबा सीट के नतीजे सामने आ गए हैं। यहां कांग्रेस उम्मीदवार रविंद्र धंगेकर ने 11,040 मतों से शानदार जीत दर्ज की है। जिस जीत से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जीत से खुशी की लहर है। कसबा से कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्र धंगेकर की जीत पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि बीजेपी की उलटी गिनती शुरू हो गई है।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिधी विधानसभा सीट पर मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई। यह सीट सत्तारूढ़ तृणमुल कांग्रेस के तीन बार के विधायक एवं मंत्री सुब्रत साहा के पिछले साल दिसंबर में निधन के कारण रिक्त हुई थी। 60 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इस सीट पर टीएमसी के अलावा बीजेपी और कांग्रेस – लेफ्ट गठबंधन भी मैदान में है।

तमिलनाडु

तमिलनाडु की इरोड पूर्व सीट पर मुख्य मुकाबला डीएमके समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार ई.वी.के.एस ईलनगोवन और एआईएडीएमके कैंडिडेट के. एस. थेन्नारासरु के बीच है। वोटों की गिनती जारी है। इस सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक के निधन के कारण हो रहा है। थिरुई थिरुमहान इस सीट से कांग्रेस विधायक और मौजूदा उम्मीदवार ईलनगोवन के पुत्र थे।

झारखंड

27 फरवरी को झारखंड की रामगढ़ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुए थे। यहां की कांग्रेस विधायक ममता देवी को हजारीबाग अदालत ने एक मामले में सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधायकी चली गई। इस सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और ममता देवी के पति बजरंग महतो और बीजेपी समर्थित आजसू उम्मीदवार सुनीता चौधरी के बीच है। उनके पति चंद्रप्रकाश चौधरी गिरिडीह से सांसद हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुए थे और दोनों के नतीजे आज ही आएंगे। इन उपचुनावों को राज्य की भविष्य की राजनीति को लेकर काफी अहम माना जा रहा है। शिवसेना में हुई बगावत को लेकर महाराष्ट्र हाल के दिनों में सियासी तौर पर काफी सुर्खियों में रहा है। कस्बापेठ की विधायक मुक्ता शैलेश तिलक और चिंचवाड की विधायक लक्ष्मण पांडुरंग जगताप की असमय मृत्यु के कारण उपचुनाव करवाना पड़ा था। दोनों बीजेपी विधायक थे। एक सीट पर बीजेपी का कांग्रेस और दूसरे पर एनसीपी से मुकाबला है।

अरूणाचल प्रदेश

अरूणाचल प्रदेश की लुमला (सुरक्षित) सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज आएंगे। यह सीट बीजेपी विधायक जंबे ताशी के निधन के कारण रिक्त हो गया था। बीजेपी ने यहां से उनकी पत्नी शेरिंग हामु को मैदान में उतारा था। उपचुनाव में उनके सामने किसी और प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। ऐसे में उन्होंने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली।

लक्षद्वीप लोकसभा

लक्षद्वीप लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे, जिसके लिए मतगणना जारी है। लक्षद्वीप लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सदस्य मोहम्मद फैजल को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद खाली हुई थी।

Tags:    

Similar News