Congress News: 2024 के लिए कांग्रेस ने बनाया ये प्लान, जानिए कैसे देगी भाजपा को टक्कर

Congress News: कांग्रेस तीसरे मोर्चे को बनने से रोकना चाहती है, क्योंकि उसका मानना है कि त्रिकोणीय लड़ाई का सीधा फायदा भाजपा को होगा।

Update: 2023-02-26 09:41 GMT
Assembly Elections 2023 (Pic: Social Media)

Congress News: आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों को साथ जोड़ने का अभियान चलाएगी। पार्टी का मानना है कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष को एकजुट रखा जा सकता है। अगर तीसरा मोर्चा आकार लेगा तो वोटों का बिखराव होगा और इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। इसलिए कांग्रेस उन दलों की ओर कदम बढ़ाएगी, जो अब तक उससे दूरी बनाए हुए थे। विपक्षी गठबंधन को बढ़ाने के लिए कांग्रेस दूसरे दलों के सिद्धांतों और अपनी विचारधारा के बीच बैलेंस बनाकर बीच का रास्ता निकालेगी। इसके लिए वो अपनी नीतियों को लचीला बनाने का काम कर रही है।

महाधिवेशन में तैयार हुआ रोडमैप

रायपुर में हुए कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में तमाम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मौजूदा कठिन परिस्थितियों में कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो सक्षम और निर्णायक नेतृत्व प्रदान कर सकती है। उन्होंने ऐसे राजनीतिक दलों पर निशाना साधा जो कांग्रेस को किनारे कर विपक्षी एकता की बात करते हैं। महाधिवेशन में वक्ताओं की बात से यह सामने आया कि कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को विपक्षी गठबंधन में लाने की कोशिश करेगी। वो अभी तक गठबंधन से बाहर रहीं दूसरी पार्टियों को समझाएगी कि विपक्ष का निर्णायक नेतृत्व करने में कांग्रेस ही सबसे सक्षम पार्टी है और इस वक्त विपक्ष के एकजुट होने की जरूरत है।

इसके अलावा कांग्रेस की ओर से बेरोजगारी, गरीबी उन्मूलन, महंगाई, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों को फ्रंट पर रखकर राजनीतिक लड़ाई लड़ी जाएगी। जनता को समझाया जाएगा कि सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र को तबाह करने वाले और गरीबों के विरोधी हैं। जिनकी नीतियां गरीबों के बजाए उद्योगपतियों के हित को लेकर बनाई जाती हैं। साथ ही उत्तर-पूर्वी राज्यों के अलावा जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल का विशेष श्रेणी के राज्य का दर्जा बहाल करने जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। ऐसी चौतरफा रणनीति से कांग्रेस को उम्मीद है कि उसके नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन 2024 में भाजपा गठबंधन को शिकस्त दे सकेगा।

Tags:    

Similar News