Congress President Election: दिग्विजय अब नहीं लड़ेंगे चुनाव, खड़गे के बनेंगे प्रस्तावक

Congress President Election 2022: खड़गे को गांधी परिवार का आशीर्वाद बताया जा रहा है और ऐसे में उनका अध्यक्ष बनना अब तय माना जा रहा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-09-30 07:02 GMT

दिग्विजय अब नहीं लड़ेंगे चुनाव (photo: social media )

Congress President Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन आज पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। खड़गे की एंट्री के बाद अब दिग्विजय सिंह ने पांव पीछे खींच लिए हैं। दिग्विजय आज नामांकन दाखिल करने वाले थे मगर खड़गे का नाम सामने आने के बाद उन्होंने चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया है। खड़गे को गांधी परिवार का आशीर्वाद बताया जा रहा है और ऐसे में उनका अध्यक्ष बनना अब तय माना जा रहा है। वैसे पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर अभी मैदान में बने हुए हैं।

अब मुकाबला थरूर और खड़गे के बीच

अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़गे की एंट्री के बाद मीडिया से बातचीत में दिग्विजय ने कहा कि मुझे पता चला है कि खड़गे जी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और मैं उनका काफी सम्मान करता हूं। इसलिए मैं अब चुनाव मैदान में नहीं उतरूंगा और मैं खड़गे का प्रस्तावक बनूंगा।

इस बीच सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि अब अध्यक्ष पद का चुनाव खड़गे और थरूर के बीच होगा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय ने तो इसलिए चुनाव लड़ने का ऐलान इसलिए किया था क्योंकि मैदान में कोई नहीं था। अब मलिकार्जुन खड़गे के चुनाव मैदान में उतरने के बाद वे चुनाव नहीं लड़ेंगे अब मुकाबला खड़गे और थरूर के बीच होगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को ही पार्टी अध्यक्ष का चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था। राजस्थान के सियासी बवाल से पहले गहलोत को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था मगर अब वे अध्यक्ष पद की रेस से बाहर हो चुके हैं।

जी-23 के नेता भी सक्रिय

पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर जी-23 से जुड़े रहे हैं मगर माना जा रहा है कि जी-23 की ओर से थरूर के अलावा किसी और को भी चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। जी 23 से जुड़े हुए नेता कल शाम से ही काफी सक्रिय दिखे। वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा के घर पर जी 23 से जुड़े हुए नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मनीष तिवारी और पृथ्वीराज चव्हाण भी मौजूद थे।

बाद में आनंद शर्मा ने जोधपुर हाउस जाकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा हुई है। हालांकि असंतुष्ट नेताओं ने क्या फैसला लिया है,इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। जी-23 से जुड़े हुए नेता गांधी परिवार के रुख का इंतजार कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News