Anil Antony: अनिल एंटनी बीजेपी में हुए शामिल, पिता एके एंटनी ने कहा- मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के साथ रहूंगा

Anil Antony Joins BJP : कांग्रेस के दिग्गज नेता और मनमोहन सिंह सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वाइन कर रहे हैं।

Update: 2023-04-06 15:24 GMT
अनिल एंटनी बीजेपी में शामिल (Social Media)

Anil Antony Joins BJP : कांग्रेस के दिग्गज नेता और मनमोहन सिंह सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वाइन कर रहे हैं। उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें थीं, लेकिन गुरुवार (06 अप्रैल) को उस पर विराम लग गया।

अनिल एंटनी केरल कांग्रेस (Kerala Congress) की सोशल मीडिया टीम के पूर्व संयोजक रहे हैं। अनिल एंटोनी ने आज केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal), वी मुरलीधरन (V Muraleedharan) और केरल बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन (Kerala BJP President K Surendran) की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा।

पीएम पर BBC डॉक्यूमेंट्री के बाद छोड़ी थी कांग्रेस

गुजरात दंगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी डॉक्यूमेंट्री (BBC documentary) पर विवाद के बाद अनिल एंटनी ने जनवरी में ही कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। ज्ञात हो कि, अनिल एंटनी के पिता एके एंटनी (AK Antony) कांग्रेस सरकार में केंद्रीय रक्षा मंत्री रहे थे। इसके अलावा वे केरल के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। एके एंटनी का नाम कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल है।

पीयूष गोयल- अनिल के विचार पीएम से मिलते हैं

अनिल एंटनी कांग्रेस छोड़ने से पहले केरल में कांग्रेस का सोशल मीडिया सेल (Congress social media cell) देखते थे। उन्होंने कांग्रेस को बाय-बाय करने से पहले बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारत के खिलाफ पक्षपातपूर्ण बताया था। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Union Minister Piyush Goyal) ने उनका बीजेपी में स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'अनिल एंटनी एक बहुआयामी व्यक्तित्व हैं। जब मैंने अनिल एंटनी की साख देखी तो मैं बेहद प्रभावित हुआ। उनके विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से मिलते हैं। पार्टी में उनका स्वागत है।'

अनिल ने किया था ट्वीट

इससे पहले, अनिल एंटनी ने कहा था कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए मेरा मानना है कि मेरे लिए कांग्रेस में अपनी भूमिकाओं केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी डिजिटल मीडिया के संयोजक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया तथा डिजिटल संचार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह-समन्वयक पद को छोड़ना उचित होगा। अनिल ने मंगलवार को ट्वीट किया था कि 'बीजेपी के साथ तमाम मतभेदों के बावजूद उनका मानना है कि बीबीसी और ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री एवं 'इराक युद्ध के पीछे के दिमाग' जैक स्ट्रॉ (Jack Straw) के विचारों को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व देना खतरनाक चलन है। इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी।'

एके एंटनी बोले- मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के साथ रहूंगा

कांग्रेस नेता एके एंटनी ने बेटे के बीजेपी में शामिल होने के बाद बयान दिया। उन्होंने कहा, '2014 में विध्वंस की चाल धीरे-धीरे चल रही थी। लेकिन, 2019 के बाद से उसने रफ्तार पकड़ी। एके एंटनी बोले कि, मैं 82 साल का हूं। मैं अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर हूं और मैं बता दूं कि मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के साथ रहूंगा। पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा, भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। 2014 से देश को अस्थिर करने के प्रयास हो रहे हैं। मैं अपनी आखिरी सांस तक इन प्रयासों के खिलाफ लड़ूंगा।'

Tags:    

Similar News