Delhi Election Result: केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में हार स्वीकार की,शानदार जीत पर भाजपा को दी बधाई

Delhi Election Result:;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2025-02-08 15:52 IST

Arvind Kejriwal Reaction on AAP Lost (Photo: Social Media)

Arvind Kejriwal Video: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में अपनी पार्टी की हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने अपने एक वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में जनता ने जो भी फैसला सुनाया है, हम उसे स्वीकार करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को दिल्ली में मिली बड़ी जीत पर बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि दिल्ली की जनता ने जिस उम्मीद और आशा के साथ भाजपा को वोट दिया है, वह उसे पूरा करेगी।

इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी कहा है कि हमें दिल्ली का जनादेश स्वीकार है। उन्होंने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में मिली जीत के बाद क्षेत्र की जनता को भरोसा जताने के लिए धन्यवाद भी दिया है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आतिशक को छोड़कर आप के अन्य वरिष्ठ नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है।

केजरीवाल ने दी भाजपा को बधाई

दिल्ली के विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और आप के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था मगर भाजपा ने आप को काफी पीछे छोड़ दिया है। पार्टी 47 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करती हुई दिख रही है जबकि आप 23 सीटों पर सिमटती हुई दिख रही है। आम आदमी पार्टी की इस करारी हार के बाद केजरीवाल ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली की जनता का फ़ैसला सर माथे पर। हम पूरी विनम्रता से अपनी हार स्वीकार करते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें चुना है,वे उन उम्मीदों को पूरा करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता ने जो हमें 10 साल तक मौका दिया,उस दौरान हमने काफी काम करने के प्रयास किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की दिशा में हमने काफी काम किया है।

रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे

उन्होंने दिल्ली की जनता से आगे भी काम करने और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। हम राजनीति को ऐसा जरिया मानते हैं जिसके जरिए जनता की सेवा की जा सके। हम आगे भी जनता के सुख-दुख में भागीदार बने रहेंगे।

उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान बेहतरीन काम करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है और हमने बेहतरीन तरीके से चुनाव लड़ा है। केजरीवाल ने कहा कि इस चुनाव के दौरान हमारे कार्यकर्ताओं में काफी कुछ सहा है मगर वे पार्टी के लिए डटे रहे।

आतिशी ने कालकाजी के लोगों को दिया धन्यवाद

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी दिल्ली की जनता के फैसले को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता का जो भी जनादेश है, मैं उसे स्वीकार करती हूं। उन्होंने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार भी जताया है। उन्होंने कहा कि मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं कालकाजी के लोगों को धन्यवाद देती हूं। मैं अपनी टीम को बधाई देती हूं जिन्होंने बाहुबल, गुंडागर्दी और मारपीट का सामना करते हुए जमीनी स्तर पर मेहनत की। मेरी टीम के लोग क्षेत्र की जनता के पास पहुंचे और लोगों का समर्थन पाने में कामयाबी हासिल की।

भाजपा के खिलाफ जारी रहेगी जंग

उन्होंने कहा कि मैं अपनी सीट जीतने में कामयाब रही मगर यह जश्न मनाने का समय नहीं है। भाजपा के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा गलत के खिलाफ लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी हम यह लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमें झटका जरूर लगा है मगर दिल्ली और देश के लोगों के लिए आम आदमी पार्टी का संघर्ष खत्म नहीं होगा।

इस बार के विधानसभा चुनाव में आतिशी को छोड़कर आप के लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं का को हार का सामना करना पड़ा है। अरविंद केजरीवाल,मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव हार गए हैं। सिर्फ आतिशी पार्टी की लाज बचाने में कामयाब रही हैं।

Tags:    

Similar News