महिलाओं के खाते में पहुंचेंगे 2500 रुपए! दिल्ली में भाजपा सरकार महिला दिवस पर पहला वादा करेगी पूरा

Mahila Samriddhi Yojana: अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 5000 महिलाओं की उपस्थिति में महिला सम्मान योजना की घोषणा की जाएगी।;

Update:2025-03-01 18:07 IST

Mahila Samriddhi Yojana

Mahila Samriddhi Yojana: अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली सरकार महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रही है। दिल्ली सरकार आठ मार्च ( अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस) को महिला समृद्धि योजना का ऐलान कर सकती है। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 5000 महिलाओं की उपस्थिति में महिला सम्मान योजना की घोषणा की जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहेंगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की धनराषि ट्रांसफर की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जारी किये गये संकल्प पत्र में महिलाओं को हर माह 2500 रुपए देने का ऐलान किया था। 

भाजपा ने संकल्प पत्र में किया था वादा

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी किये गये संकल्प पत्र में जनता से कई वायदे किये थे। इनमें से एक वादा महिलाओं के लिए किया गया था। यह वादा था महिला समृद्धि योजना। इस योजना के तहत भाजपा ने यह वादा किया था कि जरूरतमंद महिला को हर माह 2500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के सभी बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान इस वादे का हमेशा जिक्र भी किया।

अब 27 साल बाद भाजपा की दिल्ली की सत्ता में ऐतिहासिक वापसी हो गयी है। दिल्ली के सीएम की कुर्सी की जिम्मेदारी रेखा गुप्ता को सौंपी गयी है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गयी है। इससे पहले शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज और आतिशी दिल्ली के सीएम का पदभार संभाल चुकी हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना को लॉन्च करने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश दिये कि महिला समृद्धि योजना को लेकर नियम और शर्तें तय की जाए। नियम और शर्तें तय होने के बाद यह पता चल सकेगा कि किस महिला को इस योजना का लाभ मिलेगा और किसे नहीं। फिलहाल ऐसी उम्मीद जतायी जा रही है कि महिला समृद्धि योजना का लाभ उन महिलाओं को भी मिलेगा जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है या फिर वह जरूरतमंद है।

ऐसे में अगर दिल्ली में रहने वाली ऐसी महिलाएं जिनकी आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं हैं। उन्हें महिला समृद्धि योजना के तहत लाभान्वित होने के लिए यह जरूरी काम कर लेना चाहिए ताकि जब यह योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरूआत हो तो वह उसका लाभ ले सकें।

बैंक खाता जरूरी

महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को 2500 रुपए की धनराशि हर माह सीधे बैंक खाते में ही भेजी जाएगी। इसलिए पात्र महिलाओं को किसी भी सरकारी बैंक में अपने नाम से खाता जरूर खुलवा लेना चाहिए। अगर बैंक खाता नहीं होगा तो इस योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसे में जरूरतमंद महिलाओं को तुरंत किसी भी सरकारी बैंक में अकाउंट जरूर खुलवा लेना होगा।

आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र जरूरी

महिला समृद्धि योजना का लाभ पाने के लिए दिल्ली में रह रहीं जरूरतमंद महिलाओं के पास निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और आधार लिंक बैंक अकांउट का होना जरूरी होगा। ऐसा माना जा रहा है कि जिन महिलाओं के सालाना आय तीन लाख रुपए या फिर उससे कम होगी। उन महिलाओं को ही महिला समृद्धि योजना का लाभ मिल सकेगा।

बैंक अकाउंट में मोबाइल नंबर जरूरी

पात्र महिलाओं को यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि यदि बैंक खाते के साथ पर्सनल मोबाइल नंबर जरूर जुड़ा हो। कई बार बैंक अकाउंट में पुराना मोबाइल नंबर एड रहता है। यदि आपके बैंक अकाउंट में भी पुराना मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है तो उसे जल्द ही अपेडट करा लें।

बैंक अकाउंट में केवाईसी करा लें

अगर महिला समृद्धि योजना का लाभ लेना है तो पात्र महिला को यह भी सुनिश्चित कर लेना होगा कि अगर काफी लंबे समय से बैंक अकाउंट में कोई लेनदेन नहीं हुआ हो। लेकिन आपका बैंक अकाउंट ऐक्टिव है। तो फिर बैंक के ब्रान्च में जाकर केवाईसी जरूर करा लें।

आधार में भी करा लें मोबाइल नंबर अपडेट

यदि पात्र महिला के आधार के साथ मोबाइल नंबर लिंक नहीं है या फिर अपडेट नहीं है तो फिर समय रहते जल्द ही इसे अपडेट जरूर करा लें।

Tags:    

Similar News