Mumbai Heroin: 1725 करोड़ की 345 किलो हेरोइन, मुंबई बंदरगाह से जब्त

Mumbai Heroin: इन अपराधियों ने लखनऊ में काकोरी में इसका गोदाम बना रखा था। इसके अलावा दिल्ली के बदरपुर में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री थी।

Newstrack :  Network
Update: 2022-09-22 03:33 GMT

1725 करोड़ की 345 किलो हेरोइन (photo: social media )

Mumbai Heroin: दिल्ली पुलिस ने खास काम को दिया अंजाम और ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित 345 किलोग्राम हेरोइन की कीमत 1,725 करोड़ रुपये से अधिक है, जिसे मुलेठी की जड़ों में भिगोकर छिपाया गया था। खास बात ये है कि हेरोइन की इस बरामदगी के तार लखनऊ से जुड़े मिले हैं। इन अपराधियों ने लखनऊ में काकोरी में इसका गोदाम बना रखा था। इसके अलावा दिल्ली के बदरपुर में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री थी। मैथामफेटामाइन ईरान से चेन्नई लाई गई और फिर वहां से लखनऊ होते हुए दिल्ली पहुंची।

स्पेशल सीपी (स्पेशल सेल) एच.जी.एस. धालीवाल ने कहा कि उन्हें ड्रग्स के मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक से सूचना मिली थी कि मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट पर मुलेठी की जड़ों की एक खेप रखी गई है। जांच में आगे यह भी पता चला कि हेरोइन में भिगोए गए मुलेठी की जड़ों वाले 17 बैग बंदरगाह पर रखे गए थे। पुलिस ने कहा कि खेप का कुल वजन 20,000 किलोग्राम था। इसके बाद एक टीम का गठन किया गया और उसे बंदरगाह भेजा गया, जिसने आवश्यक जमीनी कार्य किया और खेप को बरामद कर लिया। श्री धालीवाल ने कहा, यह देखा गया है कि मुलेठी की कुछ जड़ों का रंग दूसरों की तुलना में गहरा था, जिसके बाद यह पता चला कि गहरे रंग की हेरोइन में भिगोई गई थी।

तस्कर रहीमुल्लाह रहीमी और मुस्तफा हुए थे गिरफ्तार 

सूत्रों के मुताबिक पांच सितंबर को स्पेशल सेल की टीम ने नार्को तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अफगानी मूल के तस्कर रहीमुल्लाह रहीमी और मुस्तफा को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर 312.5 किलो मेथामफेटामाइन और दस किलो हेरोइन की बरामदगी हुई थी। इन दोनों से पूछताछ में शेवा बंदरगाह पर हेरोइन की बड़ी खेप होने की जानकारी मिली।

Tags:    

Similar News