MP News: मां नर्मदा के प्रदेश में प्रवाहित नहीं होनी चाहिए सनातन को समाप्त करने वाली विचारधारा: डॉ दिनेश शर्मा

MP News: विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह आतंकवादियों के प्रति नरमी दिखा रहा है। इजरायल पर हमला कर निर्दोष लोगों की जान लेने वाले आतंकवादी संगठन हमास की निन्दा तक नहीं की जा रही है।

Newstrack :  Network
Update: 2023-10-14 12:48 GMT

Dr Dinesh Sharma Photo-Social Media)

MP News: राज्यसभा सांसद व पूर्व उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि सनातन को समाप्त करने वाली विचारधारा मां नर्मदा के मध्य प्रदेश में प्रवाहित नहीं होनी चाहिए। आज देश में कांग्रेस पार्टी के प्रमुख सहयोगी दलों द्वारा सनातन को लेकर अमार्यादित टिप्पणी की जा रही है। उसकी तुलना तमाम बीमारियों से की जा रही है। ऐसा करने वाले वहीं लोग हैं, जिन्होंने राम और रामसेतु के अस्तित्व को भी नकारा था। अब समय आ गया है कि इस प्रकार की विचारधारा को रोका जाए। यह सभी लोगों की जिम्मेदारी है। कमलनाथ के कुछ महीनो के कांग्रेसी शासनकाल में मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नैतिक पतन का स्तर तो ऐसा है कि वह सीता और सावित्री के देश में महिलाओं के लिए भी अलग से विदेशी शराब की दुकान की व्यवस्था की बात कर रही थी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह आतंकवादियों के प्रति नरमी दिखा रहा है। इजरायल पर हमला कर निर्दोष लोगों की जान लेने वाले आतंकवादी संगठन हमास की निन्दा तक नहीं की जा रही है। हरदा जनपद में आयोजित पर्यावरण संगोष्ठी में पर्यावरणविदों, व्यापारियों व आम जनमानस को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण जीवन का अंग है। वृक्ष आक्सीजन के सिलेंडर की तरह हैं, जिनके बिना जीवन संभव नहीं है। हमारी संस्कृति में प्रकृति को जीवन से जोडा गया हैं और पेड़ों की भी पूजा होती है। केवल पेड ही नहीं जानवरों को भी हमारी संस्कृति संरक्षित करती है। पेड जीवनदायिनी हैं पर आज हम इनको काट रहे हैं। ध्यान रहे कि सुख शान्ति और समृद्धि प्रकृति के संतुलन से स्थापित होती है। जिस प्रकार पर्यावरण संतुलन महत्वपूर्ण है उसी प्रकार से देश चलाने के लिए एक समर्पित भाव से कार्य करने वाले दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता होती है।

डॉ शर्मा ने कहा कि एक ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो देश की सीमाओं को सुरक्षित करने के साथ ही लोगों के जीवनस्तर को भी बेहतर बना सके। आज देश में ऐसा ही नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है जिसने लोगों के जीवन को बेहतर किया है। लोगों को अब बिजली , गैस , यूरिया आदि के लिए लाइन नहीं लगानी पडती है। सांस्कृतिक विरासत को देश की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत विश्वगुरु अपनी सांस्कृतिक व धार्मिक परम्पराओं के कारण कहलाता था। हमारे पर्वों के पीछे भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण है। एक अच्छी राजनीति देश की दशा दिशा बदलते हुए उसे शिखर पर ले जा सकती है। आज दुनिया के बडे बडे देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले भारत के सामर्थ्य को स्वीकार कर उसकी तरफ उम्मीदों से देख रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री ने देश का मान सम्मान बढाया है।

दुनिया के बडे बडे नेता आज बगैर जूता चप्पल पहने प्रधानमंत्री मोदी के साथ जाकर महात्मा गांधी को नमन करते हैं। यह हर भारतवासी के लिए गर्व करने का अवसर है। पहले भारत के लोग विदेशों से आए खराब लाल रंग के सड़े हुए गेंहू को राशन कार्ड द्वारा खरीद कर खाने को मजबूर थे । पर आज भारत सरकार अपने लोगों को 3 वर्षों से फ्री में राशन दे रही है। यह नए भारत का बदलाव है। कोरोना के बावजूद देश की जीडीपी दुनिया में सबसे अधिक हैं। पहले के समय में जब कोई महामारी होती थी तो टीके के लिए विदेशों पर निर्भरता रहा करती थी पर सदी की सबसे बडी महामारी कोरोना से बचाव के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय वैज्ञानिकों ने खुद टीका विकसित किया। अपने देश के नागरिकों को बचाने के साथ ही अन्य देशों के नागरिकों की जान की भी रक्षा की है। कभी याची रहने वाला भारत आज दाता बन गया है।

डॉ शर्मा ने कहा कि मतदान देश के राजनैतिक संरक्षण की व्यवस्था है। मताधिकार मतदाता की पूंजी है। मताधिकार बहुत संभाल कर करने की जरूरत है। इसका प्रयोग करते समय यह ध्यान में रखना चाहिए कि देश किसके हांथ में सुरक्षित रहेगा। उन्होंने मध्य प्रदेश में बीजेपी को जिताने का आह्वान करते हुए कहा की मध्य प्रदेश की विजय मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की शुरुआत होगी, उन्होंने पर्यावरण एवं व्यापारी सम्मेलन में बीजेपी को वोट देने की अपील की।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

जनपद हरदा के चुनाव संयोजक गौरी शंकर मुकाती के राज रेजीडेंसी होटल के सामने हरदा स्थित आवास पर व्यापारी संगठनों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक को संबोधित कर मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव एवं लोकसभा चुनाव भाजपा को समर्थन करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा, हरदा जिला के चुनाव संयोजक गौरी शंकर मुकाती, भाजपा जिला महामंत्री देवी सिंह सांखला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनिल शर्मा नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी नवीन पटेल, नटवर पटेल, विपिन अग्रवाल,राजेंद्र माहेश्वरी, चंद्र गोपाल अग्रवाल, लालू सेठ, दिनेश राठी, ललित पटेल, आर के यादव एडवोकेट, बालकृष्ण पाटिल, अशोक जैन, मनोहर लाल शर्मा, अशोक गोयल, नवनीत पटेल , रामलाल पटेल एवं देवेंद्र दुआ आदि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News