Delhi : होली पर मुंडका में दो गुटों में हिंसक झड़प, सरेआम चाकूबाजी, 2 लोगों की मौत 5 घायल

Delhi news : दिल्ली के मुंडका में होली के दिन बड़ी घटना हो गई।दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। जिसके इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई। जिसमें दो लोगों की जान चली गई।

Written By :  aman
Update: 2023-03-08 13:20 GMT

Delhi News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होली के दिन चाकूबाजी की बड़ी घटना सामने आई। राजधानी के मुंडका में बुधवार (08 मार्च) को बड़ी वारदात हो गई। मुंडका में दो गुटों में झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि, चाकूबाजी शुरू हो गई। हालांकि, इस दौरान हालात तब बिगड़ते चले गए जब बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी चाकू से वार हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 5 लोग घायल हो गए।

वारदात के संबंध में दिल्ली आउटर के DCP हरेंद्र सिंह (DCP Harendra Singh) ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, होली के दिन बुधवार को मुंडका इलाके में दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर झगड़ा हुआ। उन्होंने बता कि, फ्रेंड्स एन्क्लेव मुंडका (Friends Enclave Mundka) की गली संख्या- 7 के मकान नंबर डी-15ए में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।

क्या है मामला?

दिल्ली पुलिस ने जब मामले से संबंधित जानकारी जुटाना शुरू किया तो पता चला कि मकान के ऊपरी तल पर रहने वाले सोनू नामक शख्स का बगल की गली नंबर- 14 में रहने वाले उसके परिचित अभिषेक से किसी बात पर विवाद हो गया। जिसके बाद अभिषेक सहित उसके दोस्तों ने सोनू के साथ मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। चाकू लेकर पहुंचे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। अभिषेक को बुरी तरह पीटने के बाद चाकू से कई वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया।

डॉक्टर ने दो को किया मृत घोषित

डीसीपी हरेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि इस हमले में कुल 7 लोग घायल हुए हैं। आनन- फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने सोनू और नवीन नाम के शख्स को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक सहित एक अन्य गंभीर की हालत गंभीर है। उन दोनों को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य लोग जख्मी हैं। उनका भी इलाज जारी है। 

क्राइम और FSL की टीम जांच में जुटी

पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। क्राइम और FSL की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। जानकारी में पता चला है कि सभी लोग मुंडका इलाके में एक नमकीन फैक्ट्री में मजदूरी करते रहे हैं। लेकिन, आज की वारदात किस वजह से हुई स्पष्ट नहीं है। 

Tags:    

Similar News