Assam Flood: करीमगंज में भूस्खलन से पांच की मौत, बाढ़ से मरने वालों की संख्या पहुंची 26

Assam Flood: करीमगंज के बदरपुर इलाके में बाढ़ के बाद भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं।

Written By :  Sidheshwar Nath Pandey
Update: 2024-06-19 06:27 GMT

Assam Flood (Pic: Social Media)

Assam Flood: असम में बाढ़ का प्रकोप जारी है। करीमगंज के बदरपुर इलाके में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन नाबालिग शामिल हैं। बाढ़ से असम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। करीमगंज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। असम के 15 जिलों में बाढ़ से 1 लाख 61 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। अब तक बाढ़ से 26 लोगों की मौत हो चुकी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने कल बाढ़ की रिपोर्ट में हैलाकांडी जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत का जिक्र किया गया है।

करीमगंज जिले में बाढ़ की स्थिति और भी बदतर

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने बाढ़ की रिपोर्ट जारी की है। जारी रिपोर्ट के मुताबिक, करीमगंज जिला बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां स्थिति बद से बदतर होती चली जा रही है। इस जिले में बाढ़ से अबतक 41,711 बच्चों सहित 1.52 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। करीमगंज जिले के नीलामबाजार, आरके नगर, करीमगंज और बदरपुर राजस्व सर्किल के अंतर्गत आने वाले करीब 225 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लोग प्रशासन के राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। 22,464 बाढ़ प्रभावित लोग जिला प्रशासन द्वारा स्थापित राहत शिविरों और राहत वितरण केंद्रों में शरण ले रहे हैं।

एएसडीएमए की रिपोर्ट ने बताई स्तिथि

एएसडीएमए बाढ़ रिपोर्ट में बाढ़ से प्रभावित लोगों और क्षेत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 बाढ़ प्रभावित जिलों के 28 राजस्व सर्किलों के अंतर्गत 470 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी से 11 जिलों में 1378.64 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है। वहीं 15 जिलों में 93,895 पालतू जानवर भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं आदमी सहित जानवरों को प्रकृति का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 15 जून को बैठक की थी। इस बैठक में नागरिक और पुलिस प्रशासन और काजीरंगा के अधिकारी शामिल हुए थे। सीएम ने जानवरों के बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Tags:    

Similar News