Sonia Gandhi: सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती, बेटी प्रियंका भी हैं साथ

Sonia Gandhi News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सोनिया गांधी सांस संबंधी संक्रमण से पीड़ित हैं।

Written By :  aman
Update: 2023-01-04 10:45 GMT

Sonia Gandhi (Social Media)

Sonia Gandhi News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी (Sonia Gandhi Hospitalised) को बुधवार (4 जनवरी 2023) को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ख़बरों के मुताबिक, सोनिया गांधी को नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनके साथ बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) अस्पताल गई हैं। बता दें, कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं। जांच के लिए वो आज एक बार फिर अस्पताल गई हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनिया गांधी मंगलवार से ही अस्वस्थ महसूस कर रही थीं। इन्हीं वजहों से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका वाड्रा एक दिन पहले शाम यूपी में प्रवेश करने वाली 'भारत जोड़ो यात्रा' में 7 किलोमीटर पैदल चलकर दिल्ली लौट आए थे। 

सोनिया बीते साल भी हुई थीं अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझती रही हैं। बीते साल भी उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। तब कांग्रेस सांसद कोरोना संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। पिछले साल जून में भी उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं सोनिया

पिछले महीने 24 दिसंबर को सोनिया गांधी राजधानी दिल्ली में 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुई थीं। थोड़ी दूर तक बेटे राहुल गांधी के साथ चलने के बाद वो बैठ गई थीं। ये दूसरी बार रहा था जब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष इस यात्रा में शामिल हुईं थीं। सोनिया इससे पहले अक्टूबर 2022 में यात्रा का हिस्सा बनी थीं। तब भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में थी। सोनिया गांधी बेटे राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कुछ मिनट तक भारत जोड़ो यात्रा में चली थीं।

कल भारत जोड़ो यात्रा से लौटी थीं प्रियंका वाड्रा

यूपी के बागपत (Baghpat) जिले के मवीकलां में रात ठहरने के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह रवाना हो गई। हालांकि, प्रियंका गांधी वाड्रा सुबह यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल नहीं हुईं। मां सोनिया की तबीयत को देखते हुए प्रियंका यात्रा से लौट गईं।

Tags:    

Similar News