त्रिपुरा में चार बैंक अधिकारियों का अपहरण, 20 लाख रुपए की मांग

त्रिपुरा ग्रामीण बैंक के चार अधिकारियों का अज्ञात व्यक्तियों ने दक्षिण-पश्चिमी त्रिपुरा से अपहरण कर लिया है।

Update: 2017-11-25 12:53 GMT
त्रिपुरा में चार बैंक अधिकारियों का अपहरण, 20 लाख रुपए की मांग

अगरतला : त्रिपुरा ग्रामीण बैंक के चार अधिकारियों का अज्ञात व्यक्तियों ने दक्षिण-पश्चिमी त्रिपुरा से अपहरण कर लिया है। दक्षिणी त्रिपुरा के गोमती जिला पुलिस प्रमुख बिजॉय देबबर्मा ने बताया कि त्रिपुरा ग्रामीण बैंक के चार अधिकारियों का शुक्रवार रात को एक गाड़ी से अगरतला वापस आते समय बदमाशों ने अपहरण कर लिया। अधिकारियों में 30 वर्षीय शाखा प्रबंधक तनमय भट्टाचार्य भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि पुलिस को यह जानकारी नहीं है कि अधिकारियों का अपहरण सशस्त्र बदमाशों या किसी आतंकवादी संगठन द्वारा किया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि भट्टाचार्य अपनी कार चला रहे थे और 28 वर्षीय सुजीत चंद्र डे और 31 वर्षीय रक्तिम भौमिक कार में सवार थे। एक अन्य बैंक अधिकारी सुब्रत देबबर्मा (32) अपनी मोटरसाइकल से वाहन के साथ-साथ चल रहे थे। "अभी तक कार और मोटरसाइकल का पता नहीं चल सका है।"

बिजॉय देबबर्मा ने कहा, "बैंक अधिकारियों का ठीक-ठीक किस जगह से अपहरण किया गया, उसका भी अभी तक पता नहीं चल पाया है।" इस बीच अपहृत अधिकारियों के परिवार ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बैंक कर्मचारियों की रिहाई के लिए 20 लाख रुपए की मांग की है।

बैंक कर्मचारियों को बचाने के लिए त्रिपुरा राज्य राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में शुक्रवार की रात को खोवाई, ढलाई और गोमती जिलों में खोजी अभियान चलाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2015 से त्रिपुरा में एक भी चरमपंथ से जुड़ी घटना नहीं हुई थी।

--आईएएनएस

Tags:    

Similar News