वायुसेना हुई दमदारः 14 लड़ाकू विमान देश के पास, फ्रांस से आए 3 राफेल

फ्रांस से निकले तीन राफेल लड़ाकू विमान बुधवार रात भारत पहुंच गए। ये राफेल गुजरात के जामनगर एयरबेस पर उतरे।

Update: 2021-04-01 04:08 GMT

Photo- Twitter

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना की ताकत अब और बढ़ गयी है। तीन और नए राफेल लड़ाकू जेट फ्रांस से भारत पहुंचे गए हैं। फ्रांस से तीन राफेल लड़ाकू विमानों का चौथा जत्था बुधवार शाम भारत पहुंच गया। गुजरात के जामनगर बेस में रात करीब 11 बजे इन विमानों ने लैंड किया। इन विमानों के आने से भारतीय वायुसेना की हमला करने की क्षमता में और इजाफा होगा।

वायुसेना ने दी ये जानकारी

वायुसेना ने बताया कि ये विमान फ्रांस से भारत आने के दौरान रास्ते में कहीं भी नहीं रूके और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के वायु सेना टैंकरों ने आसमान में ही विमानों में ईंधन भरा। भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर बताया कि तीन राफेल विमानों का चौथा जत्था भारत की धरती पर उतर गया है। इसने फ्रांस के इसत्रेस वायुसेना अड्डे से सीधी उड़ान भरी थी। भारतीय वायुसेना ने राफेल विमानों में ईंधन भरने के लिए यूएई की वायुसेना का आभार जताया और इसे दो वायुसेनाओं के बीच मजबूत रिश्तों में एक और मील का पत्थर बताया। जानकारी के मुताबिक ये लड़ाकू विमान अंबाला में गोल्डन एरो स्क्वॉड्रन का हिस्सा होंगे।

वायुसेना के पास 14 राफेल जेट

आपको बता दें कि इससे पहले फ्रांस में भारतीय दूतावास ने ट्विटर पर बताया था कि फ्रांस से तीन और राफेल लड़ाकू विमानों ने भारत के लिए उड़ान भरी और ये विमान रास्ते में कहीं भी नहीं रुकेंगे। अब इन 3 नए राफेल जेट के शामिल होने के बाद भारतीय वायुसेना के पास राफेल विमानों की संख्या 14 हो गई है। इसी के साथ नौ राफेल फाइटर जेट्स का अगला बैच अप्रैल में आएगा।

पिछले साल वायुसेना में शामिल हुआ था राफेल

गौरतलब है कि पांच राफेल विमानों का पहला जत्था 29 जुलाई 2020 को भारत पहुंचा था। इससे करीब चार साल पहले फ्रांस से 59,000 करोड़ रुपये में 36 राफेल विमान खरीदने का सौदा किया गया था। इन विमानों को पिछले साल 10 सितंबर को अंबाला में एक कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया। वहीं तीन राफेल विमानों का दूसरा जत्था तीन नवंबर को भारत पहुंचा था जबकि 27 जनवरी 2021 को तीन और विमान वायुसेना को मिले थे। 

Tags:    

Similar News