Gyanvapi Case: ज्ञानवापी में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई जुमे की नमाज

Gyanvapi Case: तीन बजे जुमे की नमाज संपन्न होने के बाद, बड़ी संख्या में ज्ञानवापी से नमाजी निकले।

Written By :  Aakanksha Dixit
Update: 2024-02-02 10:21 GMT

Gyanvapi case update

Gyanvapi Case: शुक्रवार को, ज्ञानवापी मस्जिद में शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज संपन्न हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित तरीके से नमाज आयोजित की गई। नमाज पढ़ने के बाद सभी नमाजी शांतिपूर्वक वहां से बाहर निकल आये। आज नमाजियों के सारे रिकॉर्ड टूट गए। नमाज के दौरान लगभग 2000 लोग उपस्थित थे और नमाज के बाद लगभग 45 मिनट तकरीर चली। इस अवसर पर दी गई तकरीर में, देश में अमन और भाईचारा कायम हो इस बात का सन्देश दिया गया।

तकरीरदारों ने कहा देश के लोकतंत्र पर ध्यान दिया जाये 

हालांकि, ज्ञानवापी तहखाने पर आए फैसले पर तकरीर में कोई चर्चा नहीं हुई, लेकिन तकरीर के दौरान लोकतंत्र की स्थिति पर चर्चा हुई। तकरीरदारों ने इशारे में कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और इस पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। इसी बीच, ज्ञानवापी नमाजियों को काशी विश्वनाध धाम के गेट नंबर चार पर रोका गया, क्योंकि अंदर बहुत ज्यादा लोगों की भीड़ थी। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया था कि वे शहर के अन्य मस्जिदों में जाकर नमाज अदा करें। हालांकि पुलिस द्वारा की गयी कोशिशों के चलते जुमे की नमाज़ शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गयी। 

जुमे की नमाज़ को लेकर पुलिस सुबह से थी अलर्ट

ज्ञानवापी परिसर के व्यासजी तहखाने में हिंदू पक्ष को पूजा का अधिकार प्राप्त होने के बाद, शुक्रवार को सुबह से ही पुलिस अलर्ट मोड में थी। खासकर पहले जुमे की नमाज को लेकर पुलिस काफी चौकन्ना थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में, सभी पुलिसकर्मी सतर्क रहे और अधिकारियों ने भी सुबह से हर जगह गश्त किया। ड्रोन के जरिये भी निगरानी की गयी। तीन बजे जुमे की नमाज संपन्न होने के बाद, बड़ी संख्या में ज्ञानवापी से नमाजी निकले। 

Tags:    

Similar News