बारात-मंडप तैयार, पर दूल्हे का पता नहीं..., दिल्ली सीएम शपथ ग्रहण समारोह पर गोपाल राय ने कसा तंज
Delhi CM: गोपाल राय ने कहा कि आम तौर पर परंपरा यह रही है कि चुनाव के बाद जिस भी पार्टी की जीत होती है। वह अपने विधायक दल की बैठक करती है और उस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाता है।;
Gopal Rai on Delhi CM Oath Ceremony: आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने दिल्ली में शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान न होने पर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बारात तैयार है। मंडप भी सजकर तैयार है। लेकिन दूल्हा कौन होगा। यह किसी को भी पता नहीं है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की 25 साल बाद ऐतिहासिक जीत हुई है। भाजपा दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी रामलीला मैदान में की जा रही है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री कौन होगा। इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है।
आप नेता गोपाल राय ने कहा कि देश में अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग पार्टियों की सरकारें बनती रही हैं। लेकिन पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि मंडप तैयार है, बारात भी तैयार है। लेकिन दूल्हा कौन होगा। इसका किसी का भी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री का नाम तक तय नहीं कर पाई है। कोई बड़ा रहस्य है जिसे भाजपा वाले छिपा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम तौर पर परंपरा यह रही है कि चुनाव के बाद जिस भी पार्टी की जीत होती है। वह अपने विधायक दल की बैठक करती है और उस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाता है। विधायक दल का नेता मुख्यमंत्री पद का दावेदार होता है। वह अपना दावा पेष करता है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान किया जाता है। फिर उसकी तैयारियां शुरू की जाती है। लेकिन यहां सारी तैयारियां पहले से ही की जा रही है। भाजपा भाजपा कुछ भी कर सकती है।