Gujarat: प्राण प्रतिष्ठा से पहले गुजरात में हालत तनावपूर्ण, भगवान राम की शोभायात्रा पर पथराव, 5 जख्मी

Gujarat: गुजरात के मेहसाणा जिले के खेरालु में रविवार शाम को निकाली गई ऐसी ही एक शोभायात्रा पर धर्म विशेष के उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-01-22 02:54 GMT

Gujarat stones pelted   (photo: social media )

Gujarat: आज यानी सोमवार 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसको लेकर पिछले कई दिनों से देशभर में उत्सव सा माहौल है। एक दिन पहले जगह – जगह शोभायात्राएं निकाली गईं। आज भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत अन्य जगहों पर भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। गुजरात के मेहसाणा जिले के खेरालु में रविवार शाम को निकाली गई ऐसी ही एक शोभायात्रा पर धर्म विशेष के उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

जानकारी के मुताबिक, जब शोभायात्रा एक मस्जिद के नजदीक से गुजर रही थी, तभी यह घटना हुई। अचानक पथराव शुरू होने से भगदड़ मच गई, हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस घटना में पांच लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिरासत में लिए गए 15 लोग

आईडी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शोभायात्रा की सुरक्षा के लिए साथ में पुलिसकर्मी भी चल रहे थे, जिन्होंने जल्द हालात को काबू में कर लिया गया। इसके बाद घटनास्थल पर तलाशी अभियान चला कर 15 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। घटनास्थल पर स्थिति शांतिपूर्ण है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।


राहगीरों को भी बनाया गया निशाना

उपद्रवियों ने राहगीरों को भी अपना निशाना बनाया। खेरालू के रहने वाले 62 वर्षीय प्रवीण भाई अंबालाल एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में रोककर उन पर लाठियों से हमला कर दिया। जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उनका इलाज वडनगर के सिविल अस्पताल में चल रहा है, जहां उनसे मिलने विधायक सरदार चौधरी भी पहुंचे।

बता दें कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए आज समूचे गुजरात में संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सोशल मीडिया की भी पुलिस की साइबर यूनिट निगरानी कर रही है।



 


Tags:    

Similar News