Haryana News: हमलावरों ने 40-50 राउंड की फायरिंग और नहीं बच पाए Ex MLA नफे सिंह

Haryana News: हमलावरों ने 40-50 राउंड फायरिंग उस समय की जब वह अपनी कार में सवार थे। हमले में पूर्व विधायक के एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई।

Update:2024-02-25 21:36 IST

 former MLA Nafe Singh (Pic: Social Media)

Haryana News: हरियाणा में रविवार को बदमाशों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। राज्य के बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर हमला उस समय किया जब वह अपनी फॉर्चूनर कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। उसी समय हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। कहा जा रहा है कि हमलावरों ने कम से कम उन पर 40-50 राउंड फायरिंग की।

लगातार मिल रही थी धमकी

इंडियन नेशनल लोक दल के एक प्रवक्ता ने बताया कि नफे सिंह राठी को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पार्टी के प्रवक्ता अमनदीप ने कहा कि सरकार से उनके लिए सुरक्षा मांगी जा रही थी, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर पहले भी छिटपुट हमले हुए थे। झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने बताया कि पुलिस को गोलियां चलने की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हमले के बाद दो बार के पूर्व विधायक नफे सिंह राठी और अन्य घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर मनीष शर्मा ने बताया कि चार घायलों को अस्पताल में लाया गया था, जिसमें से दो लोगों की काफी ज्यादा खून बह जाने से उनकी पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं दो घायलों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। उनके कंधे और जांघों पर गोलियां लगी हैं। मरने वालों में पूर्व विधायक नफे सिंह और उनके सुरक्षाकर्मी जय किशन शामिल हैं।

40-50 राउंड फायरिंग

बताया जा रहा है कि नफे सिंह राठी जब फॉर्चूनर कार में सवार थे उसी समय आई-10 कार में सवार होकर कुछ हमलावर उनका पीछा कर रहे थे। जब नफे सिंह की गाड़ी बराही फाटक के पास पहुंची तो हमलावरों ने पूर्व विधायक पर गोलियां बरसा दीं। कहा जा रहा है कि हमलावरों ने कम से कम 40-50 राउंड फायरिंग की।

राज्य में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है

कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने नफे सिंह की हत्या पर कहा, हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी जी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने भी राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है।

Tags:    

Similar News