Haryana Nikay Chunav: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, भाजपा ने जीत का जताया भरोसा
Haryana Nikay Chunav: हरियाणा में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज मतदान किया जा रहा है। राज्य में 7 नगर निगमों, 21 नगर पालिकाओं और 4 नगर परिषदों के लिए वोटिंग हो रही है।;
Haryana Nikay Chunav
Haryana Nikay Chunav: हरियाणा में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज मतदान किया जा रहा है। राज्य में 7 नगर निगमों, 21 नगर पालिकाओं और 4 नगर परिषदों के लिए वोटिंग हो रही है। इसके अलावा कुछ नगर निगमों और नगर पालिकाओं में उप-चुनाव भी कराए जा रहे हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य चुनाव आयोग द्वारा व्यापक तैयारी की गई है।
मतदाताओं से वोटिंग की अपील
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, "मतदान हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। मैं सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत करें।"
कौन-कौन से शहरों में हो रही है वोटिंग?
इस बार नगर निगम चुनावों में गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। वहीं, अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के उप-चुनाव कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, अंबाला सदर, पटौदी जटौली मंडी, थानेसर और सिरसा में नगर परिषद के चुनाव हो रहे हैं। वहीं, सोहना नगर परिषद में गांव प्रधान के उप-चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। नगर पालिका चुनावों में असंध और ईस्माईलाबाद के प्रधान पद के लिए उप-चुनाव हो रहे हैं।
कितने उम्मीदवार मैदान में?
हरियाणा के 9 नगर निगमों में मेयर पद के लिए 39 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नगर परिषदों के अध्यक्ष पद के लिए 27 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 151 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चुनावों के नतीजे हरियाणा की स्थानीय राजनीति पर बड़ा असर डाल सकते हैं। हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मतदान से पहले दावा किया कि भाजपा को इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिलेगी। उन्होंने कहा, "हरियाणा में मतदान तेजी से हो रहा है और जनता भाजपा के पक्ष में खड़ी है। पीएम मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सैनी की नीतियों की बदौलत हमें शानदार जीत मिलेगी।"