Champai Soren: 'उनकी आबादी घट रही...', चंपई सोरेन ने बताया BJP में शामिल होने का उद्देश्य, पप्पू यादव ने कसा तंज

Champai Soren: पूर्व जेएमएम नेता ने कहा, "मैं काफी विचार-विमर्श के बाद उस पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहा हूं। वहां से मैं आदिवासियों के अस्तित्व की रक्षा करूंगा।

Report :  Viren Singh
Update:2024-08-29 16:56 IST

Champai Soren (सोशल मीडिया) 

Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शुक्रवार, 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो रहे हैं। शामिल होने से एक दिन पूर्व गुरुवार को चंपई सोरेन ने भाजपा का दामन पकड़ने का उद्देश्य भी बता दिया। चंपई सोरेन ने कहा कि वह आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

भाजपा में क्यों शामिल हो रहे चंपई सोरेन ने बताई वजह

शुक्रवार को औपचारिक रूप से शामिल होने से पहले से मीडिया से बात करते हुए पूर्व जेएमएम नेता ने कहा, "मैं काफी विचार-विमर्श के बाद उस पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहा हूं। वहां से मैं आदिवासियों के अस्तित्व की रक्षा करूंगा। उनकी आबादी घट रही है, मैं इस बारे में अपनी आवाज उठाऊंगा। मैं कल भाजपा में शामिल हो जाऊंगा। उसके बाद, मैं उन सभी जिम्मेदारियों को निभाऊंगा जो मुझे दी जाएंगी।

सीएम हिमंत सरमा की उपस्थिति में सोरेन थामेंगे भाजपा

इससे पहले भाजपा ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए कि सोरेन की औपचारिक सदस्यता बिना किसी बाधा के हो। गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रधान निजी सचिव (पीपीएस) ने 30 अगस्त को राज्य में मुख्यमंत्री की यात्रा के लिए सुरक्षा तैयारियों के लिए झारखंड सरकार को पत्र लिखा। असम के सीएम शुक्रवार को झारखंड का दौरा करेंगे, जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा सुबह 10 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वह प्रदेश भाजपा कार्यकाल भी जाएंगे, यहां पर चंपई सोरेन भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

बांग्लादेशी घुसपैठ झारखंड के लिए बना गया खतरा

चंपई सोरेन ने इस बात पर भी जोर दिया कि वह राज्य के विकास और बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण खतरे में पड़े आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के इरादे से भाजपा में शामिल हो रहे हैं। हमारे पास अभी अगली योजना नहीं है। 30 तारीख को मैं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाऊंगा। पार्टी मुझे जो भी भूमिका देगी, मैं उसे निभाऊंगा।

पप्पू यादव ने की चंपई सोरेन की कड़ी आलोचना

चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने पर बिहार से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने उनकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन के इस कदम से विश्वास खत्म होगा। हेमंत सोरेन के नेतृत्व को कमजोर किया जाएगा। कांग्रेस ने भाजपा पर प्रतिद्वंद्वी दलों के प्रमुख लोगों का लाभ उठाने का आरोप लगाया, जिनकी "बड़ी महत्वाकांक्षाएं हैं।

Tags:    

Similar News