Heavy Rain in Delhi: भारी बारिश से दिल्ली का मौसम हुआ सुहाना, लेकिन जलभराव ने दिक्कतें भी बढ़ाईं

Heavy Rain in Delhi: दिल्ली में हो रही बारिश ने भले राजधानीवासियों को उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दिला दी हो लेकिन साथ ही जलभराव की समस्या से भी उन्हें ही दो-चार होना पड़ रहा है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-09-10 06:18 GMT

Heavy Rain in Delhi (Social Media)

Heavy Rain in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली जी20 समिट को लेकर इन दिनों दुनियाभर में छाई हुई है। शिखर सम्मेलन को लेकर शहर को जिस भव्य तरीके स सजाया और संवारा गया है, उसकी चर्चा अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक में हो रही है। उमस भरी गर्मी के लिए कुख्यात दिल्ली का मौसम विदेशी मेहमानों के आगमन के साथ ही सुहाना हो चुका है। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार तक जारी है। कल यानी शनिवार को सुबह बारिश थम गई थी लेकिन देर शाम फिर से बरसनी शुरू हो गई।

आज भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हो रही है। शनिवार – रविवार की दरमियानी रात अक्षरधाम समेत दिल्ली के अधिकांश इलाकों में जोरदार बारिश हुई। जिसके कारण पारा काफी नीचे लुढक गया। रविवार सुबह चार बजे तक दिल्ली का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवाओं की तीव्रता 11 किमी प्रतिघंटे आंकी गई।

भारी बारिश के कारण जलभराव

दिल्ली में हो रही बारिश ने भले राजधानीवासियों को उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दिला दी हो लेकिन साथ ही जलभराव की समस्या से भी उन्हें ही दो-चार होना पड़ रहा है। शुक्रवार रात से रूक-रूक हो रही बारिश के कारण जगह-जगह से जलभराव की खबरें आ रही हैं। जी20 के कारण नई दिल्ली के अधिकांश रास्ते बंद हैं। इसलिए लोगों को काफी लंबा घूमकर सफर करना पड़ रहा है। शनिवार शाम को पूर्वी दिल्ली समेत नोएडा से आने-जाने वाले यात्रियों को बारिश के चलते कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आज कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के अनुसार, आज यानी रविवार 10 सितंबर को दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और साथ ही बूंदाबांदी होने का अनुमान भी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, कल यानी सोमवार 11 सितंबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। राजधानी में कल भी बारिश होने के आसार हैं। 

Tags:    

Similar News