India Alliance Mega Rally: केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष की मेगा रैली आज, इंडिया ब्लॉक दिखाएगा ताकत

India Alliance Mega Rally: विपक्ष की इस रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामलीला मैदान जाने वाले सभी गेटों पर दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-31 02:17 GMT

India Alliance Mega Rally

India Alliance Mega Rally: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया अपनी ताकत दिखाएगा। दिल्ली शराब घोटाले में केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष के कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था और अब इस गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में आज विपक्षी दलों का जमावड़ा लगने जा रहा है।

विपक्ष की इस मेगा रैली से पहले कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष या किसी एक पार्टी की रैली नहीं है। इंडिया गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों इस रैली में हिस्सा लेंगी और यह लोकतंत्र बचाने के लिए आयोजित की गई है।

विपक्ष की इस रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामलीला मैदान जाने वाले सभी गेटों पर दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ड्रोन के जरिए इस पूरे इलाके पर निगाह रखेगी।

रैली के लिए चुनाव आयोग की अनुमति

आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दिल्ली शराब घोटाले में पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ होने वाली इस रैली के लिए चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस की अनुमति मिल गई है।

इस रैली में इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। विशेष रूप से आप और कांग्रेस की ओर से इस रैली की जोरदार तैयारियां की गई हैं।

विपक्ष के बड़े नेता लेंगे रैली में हिस्सा

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस रैली को काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए विपक्ष अपनी ताकत और एकजुटता दिखाएगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, संजय राउत, सपा मुखिया अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, टीएमसी के डेरेक ओ ब्रायन, डीएमके नेता तिरुचि शिवा, नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कल्पना सोरेन, माकपा नेता सीताराम येचुरी, डी राजा सहित गठबंधन के कई नेता शामिल होंगे।

मोदी सरकार पर कांग्रेस का हमला

रैली की पूर्व संध्या पर कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि इस रैली में इंडिया गठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के नेता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी या नेता की रैली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्षी दलों को राजनीतिक और आर्थिक रूप से कमजोर बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कांग्रेस को आयकर नोटिस जारी करने के मामले में भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय मोदी सरकार विपक्ष को कमजोर बनाना चाहती है मगर सरकार की यह कोशिश कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की रैली के जरिए विपक्ष अपनी ताकत दिखाएगा।

सियासी नजरिए से क्यों अहम है रैली

देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बच चुका है और पहले चरण का नामांकन खत्म होने के बाद दूसरे चरण के नामांकन का दौर चल रहा है। इसलिए विपक्ष की ओर से आज आयोजित होने वाली मेगा रैली को सियासी नजरिए से भी काफी अहम माना जा रहा है। इस रैली के जरिए विपक्षी दल एकजुटता का संदेश देने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

दिल्ली शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी काफी सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी को एकजुट बनाए रखने के लिए वे खुद मैदान में उतर चुकी हैं। माना जा रहा है कि आज की मेगा रैली के दौरान वे पहली बार किसी राजनीतिक मंच से भाषण दे सकती हैं।

हाल के दिनों में उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए अपनी बात सबके सामने रखी है। उनकी बढ़ती सक्रियता को देखते हुए आज की रैली में उनका हिस्सा लेना तय माना जा रहा है।

भाजपा ने कसा विपक्ष की रैली पर तंज

इस बीच भाजपा ने विपक्ष की इस मेगा रैली पर तंज कसा है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कियह 'भ्रष्टाचार बचाओ आंदोलन' के अलावा और कुछ नहीं है। इसका नारा हो सकता है 'करेंगे हम भ्रष्टाचार, कहेंगे इसको शिष्टाचार, जब कार्रवाई होगी, हम चिल्लाएंगे अत्याचार, अत्याचार’।

भाजपा प्रवक्ता ने अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहा करते थे कि वे लालू यादव, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जेल में डाल देंगे क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। आज जब केजरीवाल जेल में हैं और अदालतें उन्हें राहत नहीं दे रही हैं तब वे उन्हीं लालू यादव, राहुल गांधी का सहारा ले रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिरकार मुझे जेल में क्यों डाल दिया।

रैली के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रामलीला मैदान में आज विपक्ष की बड़ी रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ शर्तों के साथ आज की रैली को अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान से किसी भी प्रकार का मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी और आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा कि आम लोगों को रैली के कारण किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के जवानों की तैनाती भी की गई है।

उन्होंने बताया कि ड्रोन कैमरे के जरिए पूरे इलाके पर निगाह रखी जाएगी। रामलीला मैदान में प्रवेश और निकास के लिए सात द्वार बनाए गए हैं। इन द्वारों पर दिल्ली पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की जाएगी।

Tags:    

Similar News