Jharkhand Election 2024: सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे पर कल बड़ी बैठक, राहुल-तेजस्वी के रांची दौरे पर लगेगी अंतिम मुहर

Jharkhand Election 2024: कल होने वाली बैठक में लिए जाने वाले फैसले के संबंध में राहुल गांधी को जानकारी दी जाएगी और उनकी सहमति के बाद सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया जाएगा।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-17 08:57 IST

Tejashwi Yadav , Rahul Gandhi, Hemant Soren  (PHOTO: social media)

Jharkhand Election 2024: झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कल महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव भी कल रांची पहुंचने वाले हैं। झामुमो नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होने वाली इस बैठक में कांग्रेस और वाम दलों के नेता भी मौजूद रहेंगे। सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़े जानकार सूत्रों का कहना है कि अगर सभी दलों के बीच सहमति बन गई तो उसी दिन सीट बंटवारे को आखिरी रूप दे दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 अक्टूबर को रांची के दौरे पर पहुंचने वाले हैं। कल होने वाली बैठक में लिए जाने वाले फैसले के संबंध में राहुल गांधी को जानकारी दी जाएगी और उनकी सहमति के बाद सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया जाएगा। इसके बाद सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल दलों की ओर से विभिन्न सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।

हेमंत सोरेन की कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक

चुनाव आयोग की ओर से की गई घोषणा के मुताबिक झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होनी है। ऐसे में अब पहले चरण के मतदान के लिए एक महीने से भी कम का समय बचा है। इस कारण सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से जल्द से जल्द सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। झामुमो के शीर्ष नेतृत्व की ओर से सीट बंटवारे को जल्दी पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल में राजधानी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुलाकात की है। सोरेन ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी झारखंड के चुनावों को लेकर मंथन किया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय भी कल राजधानी दिल्ली के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने भी कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ सीटों को लेकर मंथन किया है।


सीट बंटवारे में इस कारण फंस गया पेंच

झामुमो नेतृत्व की ओर से पुराने फॉर्मूले के आधार पर सीट बंटवारे का प्रयास किया जा रहा है। राजद और वाम दलों की ओर से की जा रही दावेदारी ने सीट बंटवारे में पेंच फंसा रखा है। दोनों दलों की ओर से इस बार कुछ अधिक सीटों पर दावेदारी की जा रही है। झामुमो नेता हेमंत सोरेन का कहना है कि सत्तारूढ़ गठबंधन झारखंड की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। झामुमो की ओर से राज्य की 43 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है जबकि कांग्रेस के खाते में 29 सीटें आ सकती हैं। कल होने वाली बैठक के दौरान इस मुद्दे पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।


तेजस्वी और राहुल की मंजूरी पर लगेगी मुहर

सीट बंटवारे को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव का कल रांची दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश राजद के प्रधान महासचिव संजय कुमार यादव ने बताया कि तेजस्वी यादव रांची में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव को लेकर मंथन भी करेंगे। इसके बाद ही यह तय होगा कि राजद झारखंड की कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

तेजस्वी यादव का 19 अक्टूबर को भी रांची में ही रहने का कार्यक्रम है और इसी दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी रांची पहुंचने वाले हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इन दोनों नेताओं की अंतिम सहमति के बाद सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया जाएगा।

मंगलवार को झारखंड में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजधानी रांची में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिए जाने के बाद प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे और इसी के साथ चुनाव प्रचार की विधिवत शुरुआत हो जाएगी।



Tags:    

Similar News