लोकसभा चुनाव के लिए 97 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड, 2.63 करोड़ नए वोटर्स...लिस्ट से हटे 1.65 करोड़ नाम

Lok Sabha Election 2024: एक महीने तक चली Special Summary Revision 2024 के बाद और लोकसभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची जारी कर दी है।

Report :  aman
Update: 2024-02-09 14:34 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Lok Sabha Election 2024: पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार रजिस्टर मतदाताओं (Register Voters) की सूची में 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आगामी आम चुनाव (Lok Sabha Chunav 2024) में करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाएंगे। इस संबंध में भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने शुक्रवार (9 फरवरी) को घोषणा की है कि, लोकसभा चुनाव 2024 में वोटिंग के लिए 96.88 करोड़ लोगों ने वोटिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। 

चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि, इस वर्ष 18 से 29 साल की आयु वर्ग के 2 करोड़ से अधिक युवाओं को भी वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है। वहीं, लिंग अनुपात की बात करें तो 2023 में जो 940 था वो बढ़कर 2024 में 948 हो गया है।

EC का वोटर लिस्ट के रिवीजन पर विशेष जोर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (CEC Rajiv Kumar) ने कहा कि, चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट के रिवीजन और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया है। इस दौरान उन्होंने पुणे में संपन्न एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी जिक्र किया, जिसमें हर चरण पर राजनीतिक दलों की भागीदारी के साथ-साथ मतदाताओं की सूची से जुड़े तमाम कार्यों के बारे में बताया गया था।

CEC बोले- वोटर लिस्ट में लिंग अनुपात बढ़ा

सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि, 'इस बार महिला वोटर्स के रजिस्ट्रेशन में बढ़ोतरी हुई है। यह चुनावी ढांचे के भीतर लैंगिक समानता (Gender Equality) की दिशा में एक ठोस प्रयास का उदाहरण है। चुनाव आयोग ने बताया कि, 'वोटर लिस्ट में लिंग अनुपात सकारात्मक रूप से बढ़ा है। यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे को आकार देने में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दिखाता है।'

2.63 करोड़ से अधिक नए मतदाता

चुनाव आयोग ने आगे कहा, 'वोटर लिस्ट में 2.63 करोड़ से अधिक नए मतदाताओं को शामिल किया गया है। इनमें से लगभग 1.41 करोड़ महिला मतदाता हैं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.22 करोड़ है।'

लिस्ट से हटे 1.65 करोड़ से अधिक नाम 

चुनाव आयोग के अनुसार, इस वर्ष मतदाता सूची से 1 करोड़ 65 लाख 76 हजार 654 लोगों के नाम हटा दिए गए। इनमें वे लोग शामिल हैं, जिनकी या तो मौत हो चुकी है या वे दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। इसके अतिरिक्त, इसमें डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम भी हटाए गए हैं। इसमें 67 लाख 82 हजार 642 डेड वोटर्स जबकि 75 लाख 11 हजार 128 अनुपस्थिति वोटर्स तथा 22,5,685 डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं।

स्पेशल समरी रिवीजन के बाद लिस्ट जारी  

आपको बता दें, एक महीने तक चली स्पेशल समरी रिवीजन 2024 (Special Summary Revision 2024) के बाद और लोकसभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची जारी कर दी है। इनमें जम्मू-कश्मीर और असम में मतदाता सूची भी शामिल हैं, जिन्हें निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद रिवीजन किया गया था।

Tags:    

Similar News