Maharashtra Politics: संजय राउत की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, CM शिंदे ने कसा तंज तो आदित्य ठाकरे ने दिया जवाब

Maharashtra Politics: पात्रा चॉल घोटाले में शिवसेना MP संजय राउत की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। एक तरफ सीएम शिंदे ने जहां राउत को 'भोपू' बताया, वहीं आदित्य ठाकरे ने उसका जवाब दिया।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-08-01 08:41 GMT

संजय राउत और एकनाथ शिंदे (फाइल फोटो)

Maharashtra Politics: पात्रा चॉल घोटाले (Patra Chawl scam) में शिवसेना सांसद संजय राउत की गिरफ्तारी (Shiv Sena MP Sanjay Raut Arrested) के बाद महाराष्ट्र की सियासत (Maharashtra Politics) गरमा गई है। शिवसेना के बागी गुट के नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra CM Eknath Shinde) ने राउत के गिरफ्तारी पर करारा तंज कसा है। उन्होंने संजय राउत को 'भोपू' बताते हुए कहा कि, 'राउत की गिरफ्तारी के साथ रोज सुबह 8 बजे बजने वाला भोंपू अब बंद हो गया है।' शिंदे का कहना है कि यदि राउत ने कुछ गलत नहीं किया है, तो उन्हें डरने की क्या जरूरत है।

दूसरी तरफ, शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री आदित्य ठाकरे (Aditya Thackeray) ने संजय राउत की गिरफ्तारी को बड़ी सियासी साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि, 'महाराष्ट्र में शिवसेना को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। यह महाराष्ट्र की आवाज को दबाने की साजिश के सिवा कुछ नहीं है।' संजय राउत की गिरफ्तारी के बाद आदित्य ठाकरे की पहली बार प्रतिक्रिया सामने आई है।

लंबी पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी 

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने करीब 17 घंटे की पूछताछ के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत को रविवार की आधी रात गिरफ्तार किया था। रविवार सुबह करीब 07 बजे शिवसेना सांसद के भांडुप स्थित घर पर ईडी की टीम ने छापेमारी की थी। इसके बाद उनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी। ईडी के अफसरों का कहना है कि जांच में सहयोग न करने और सवालों का संतोषजनक जवाब न देने के कारण राउत की गिरफ्तारी की गई है। ईडी की टीम ने संजय राउत के घर से करीब साढ़े 11 लाख रुपए कैश भी बरामद किया है। 

रोज सुबह बजने वाला 'भोपू' हो गया बंद 

अब संजय राउत की गिरफ्तारी पर महाराष्ट्र की सियासत में दोनों पक्षों की ओर से बयानों का सिलसिला तेज हो गया है। मुख्यमंत्री शिंदे ने राउत की गिरफ्तारी पर तंज कसते हुए कहा कि, 'अब रोज सुबह लोगों को भोपू सुनने को नहीं मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर शिंदे ने कुछ गलत नहीं किया है तो उन्हें पूछताछ से नहीं भागना चाहिए।' शिंदे ने कहा कि, अगर राउत जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं तो उन्हें जांच के बाद असली सच सामने आने देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि किसी को भी ईडी या किसी अन्य एजेंसी की जांच के डर से शिवसेना छोड़कर हमारे या भाजपा के साथ नहीं आना चाहिए। 

शिवसेना को खत्म करने की साजिश 

दूसरी ओर उद्धव के बेटे और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने भी उन्हीं बातों को दोहराया है जो संजय राउत कहते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राउत की गिरफ्तारी महाराष्ट्र की आवाज को दबाने और शिवसेना को खत्म करने की साजिश है। इससे पहले संजय राउत ने भी ट्वीट करते हुए कहा था कि शिवसेना को कमजोर करने और मेरी आवाज बंद करने की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी। शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी (Priyanka Chaturvedi) ने भी आरोप लगाया है कि ED, भाजपा की लिखी हुई स्क्रिप्ट पर काम कर रही है। साल 2014 के बाद से ही ईडी का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, सच्चाई तो यह है कि यह ईडी नहीं बल्कि भाजपा की एजेंसी है जिसके जरिए विपक्ष के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। इस बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और एनसीपी ने भी संजय राउत का समर्थन करने की घोषणा की है।

सबूत मिलने पर हुई गिरफ्तारी 

इस बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी (Ajay Mishra Teni) ने कहा कि, 'संजय राउत के खिलाफ ईडी की ओर से काफी दिनों से जांच की जा रही थी और सबूत मिलने के बाद ही उनकी गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि यह मामला आज का नहीं है बल्कि लंबे समय से यह जांच चल रही थी। जांच एजेंसियां बिना किसी सबूत के कोई कार्रवाई नहीं करती।  संजय राउत को भी सबूत मिलने के बाद ही गिरफ्तार किया गया होगा। उन्होंने कहा कि इस जांच को लेकर सरकार पर आरोप लगाना पूरी तरह गलत है।' 

Tags:    

Similar News