फ्लाइट में महुआ मोइत्रा को देखते ही 'चोर-चोर' चिल्लाने लगे लोग, सन्न रह गईं सांसद, देखें हंगामे का Viral Video
इंडिगो की फ्लाइट में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगे। महुआ मोइत्रा ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए इसे सुरक्षा का उल्लंघन बताया है और नागरिक उड्डयन मंत्री से दोषियों को 'नो फ्लाई लिस्ट' में डालने की मांग की है।
TMC Mahua Moitra
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली आने वाली एक फ्लाइट में उनके साथ हुई बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है। कृष्णानगर से सांसद मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स X पर जानकारी दी कि इंडिगो की फ्लाइट में कुछ यात्रियों ने उन्हें घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए वीडियो बनाया। महुआ मोइत्रा के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वह रक्षा मामलों की संसद की स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं। सांसद द्वारा साझा किए गए वीडियो में कुछ लोग कथित तौर पर 'चोर-चोर' और 'जय श्री राम' के नारे लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं।
घटना का विवरण देते हुए महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह फ्लाइट संख्या 6E 719 की सीट नंबर 1F पर बैठी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विमान में सवार होते ही 4-6 लोगों के एक समूह ने उन्हें घूरना शुरू कर दिया और फिर वे पीछे की सीटों पर चले गए। जैसे ही विमान दिल्ली में लैंड हुआ और दरवाजे खुलने ही वाले थे, उस समूह ने उनके पास आकर हंगामा शुरू कर दिया। मोइत्रा ने इस व्यवहार को 'नागरिकों का गुस्सा' मानने से इनकार करते हुए इसे सीधा उत्पीड़न और विमान के भीतर उनकी सुरक्षा का उल्लंघन करार दिया है।
नागरिक उड्डयन मंत्री और एयरलाइन से सख्त कार्रवाई की मांग
सांसद ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और इंडिगो एयरलाइन्स को टैग कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के 'बदतमीज' लोगों को फ्लाइट के भीतर ऐसी हरकतें करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मोइत्रा ने मांग की है कि इन यात्रियों की पहचान की जाए और उन्हें 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डाला जाए ताकि भविष्य में विमान के भीतर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राजनीतिक तनाव और बढ़ती घटनाएं
महुआ मोइत्रा द्वारा साझा किया गया 30 सेकंड का वीडियो विमान लैंड होने के बाद का है, जिसमें कुछ लोग टीएमसी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद टीएमसी नेताओं को सार्वजनिक स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, फ्लाइट के अंदर इस तरह की नारेबाजी और व्यक्तिगत घेराबंदी ने यात्री सुरक्षा और एयरलाइन्स के प्रोटोकॉल पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय या एयरलाइन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।