NEET-UG Paper Leak Case: सीबीआई को मिली बड़ी सफलता, ट्रंक से प्रश्नपत्र चुराने के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

NEET-UG Paper Leak Case: गिरफ्तार किए गए लोगों पर झारखंड के हजारीबाग में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के ट्रंक से पेपर चुराने का आरोप है।

Report :  Viren Singh
Update: 2024-07-16 12:59 GMT

NEET-UG Paper Leak Case 

NEET-UG Paper Leak Case : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को नीट-यूजी पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई ने नीट यूजी-2024 का पेपर चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों पर झारखंड के हजारीबाग में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के ट्रंक से पेपर चुराने का आरोप है। अब तक इस मामले में 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी ने पंकज कुमार उर्फ आदित्य को गिरफ्तार किया है, जो नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जमशेदपुर के 2017 बैच का सिविल इंजीनियर है। आदित्य को पटना से गिरफ्तार किया गया है। वह झारखंड के बोकारो का रहने वाला है।

हजारीबाग से राजू सिंह गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि नीट-यूजी पेपर लीक, प्रतिरूपण और संबंधित अनियमितताओं से जुड़े मामलों में अब 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सीबीआई ने आदित्य के साथ एक अन्य आरोपी राजू सिंह को भी गिरफ्तार किया है। उस पर पेपर चुराने और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने में मदद करने के आरोप लगे हैं। राजू सिंह को जांच एजेंसी ने हजारीबाग से गिरफ्तार किया है।


दर्ज हुईं 6 FIR

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2024 में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीबीआई ने छह एफआईआर दर्ज की हैं। इसमें बिहार की एफआईआर पेपर लीक से संबंधित है। वहीं, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज हुई एफआईआर उम्मीदवारों के स्थान पर नकल करने और धोखाधड़ी से संबंधित हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुरोध पर सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।


कोर्ट ने सोमवार को दिए ये आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा दायर याचिकाओं की एक श्रृंखला के संबंध में निजी पक्षों को नोटिस जारी किए। इन याचिकाओं में विभिन्न उच्च न्यायालयों में वर्तमान में लंबित नीट-यूजी मामलों को सुप्रीम कोर्ट में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। इसका उद्देश्य कानूनी कार्यवाही को सुव्यवस्थित करना और मामले पर कई मुकदमों को रोकना है।

Tags:    

Similar News