Mizoram: मिजोरम में बड़ा हादसा, पत्थर की खदान ढही, 12 मजदूर मलबे में दबे

Mizoram: शाम साढ़े सात बजे तक चले बचाव कार्य में अभी तक किसी मजदूर को मलबे से नहीं निकाला जा सका है।

Update: 2022-11-15 03:28 GMT

Mizoram accident (photo: social media ) 

Mizoram News: उत्तर – पूर्वी राज्य मिजोरम में दर्दनाक हादसा हुआ है। राज्य के हथनियाल जिले में सोमवार दोपहर को एक पत्थर की खदान ढह गई। हादसे के दौरान 13 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। मिली जानकारी के मुताबिक, 12 मजदूर मलबे में दब गए जबकि एक जान बचाकर वहां से निकलने में कामयाब रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। शाम साढ़े सात बजे तक चले बचाव कार्य में अभी तक किसी मजदूर को मलबे से नहीं निकाला जा सका है।

हथनियाल के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ABCIL इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के 13 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। तभी खदान ढह गई। इस दौरान एक मजदूर वहां से भागने में सफल रहा , लेकिन 12 मजदूर नहीं निकल सके। उन्होंने बताया कि यह खदान पिछले ढ़ाई साल से ऑपरेशनल है। मजदूरों के साथ कई मशीनें भी खदान में दब गई हैं।

बचाव कार्य में सेना की भी ली गई मदद

खदान ढहने की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फौरन इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। जानकारी के मुताबिक, एसडीआरएफ, बीएसएफ और असम रायफल के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं। स्थानीय युवा भी खदान में दबे मजूदरो को निकालने में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मेडिकल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। यंग मिजो एसोसिएशन के वॉलंटियर्स आसपास के गांवों से वहां पहुंच गए और बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि मजदूरों ने पहाड़ को काफी गहराई तक तोड़ दिया गया था, इससे पहाड़ी उन पर आ गिरी। शुरूआत में एक – दो पत्थर गिरे, फिर पूरी पहाड़ी ही ढह गई। सबकुछ इतना जल्दी हुआ कि वहां काम कर रहे मजदूरों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। मलबे से मजदूरों को निकालने में काफी मशक्कत करना पड़ा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे लोगों का मानना है कि मजदूरों का बचना मुश्किल है, 12 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है। हादसे के शिकार हुए ज्यादातर मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News