Delhi Politics: 2020 में विधायक, 2023 में मंत्री और फिर सीएम, जानिए कौन हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री?

Delhi Politics: आतिशी ने 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करने में काफी अहम भूमिका निभाई थी। पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें अहम जिम्मदारी देते हुए प्रवक्ता बनाया था।

Report :  Network
Update:2024-09-17 12:56 IST

Atishi (Pic:Social Media)

Delhi Politics: दिल्ली को अब नया मुख्यमंत्री मिल गया है। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी अब दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। वे दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। 2020 में आतिशी पहली बार विधायक बनीं, 2023 में केजरीवाल सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया और अब 2024 में उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

अरविंद केजरीवाल कैबिनेट में सबसे पावरफूल मिनिस्टर रहीं आतिशी को केजरीवाल का काफी भरोसेमंद माना जाता है। अन्ना आंदोलन के समय से ही संगठन में सक्रिय रही आतिशी आम आदमी पार्टी में तेजी से अपनी जगह और पहचान बनाने में कामयाब रहीं। आतिशी ने 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करने में काफी अहम भूमिका निभाई थी। पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें अहम जिम्मदारी देते हुए प्रवक्ता बनाया था।

2019 के लोकसभा चुनाव में मिली थी हार

आतिशी को 2019 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने उन्हें पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। लेकिन भाजपा के गौतम गंभीर ने उन्हें भारी मतों से पराजित कर दिया था। आतिशी को गौतम गंभीर ने 4.77 लाख वोटों से हराया था। आतिशी इस चुनाव में तीसरे नंबर पर रही थीं। इसके बाद आतिशी की किस्मत पलटी और वह 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंचीं। आतिशी को 2023 में पहली बार केजरीवाल सरकार में मंत्री बनाया गया। अब आतिशी ने लंबी छलांग लगाई है वे दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। वह अरविंद केजरीवाल की जगह लेने जा रही हैं।

आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने की पहले ही चर्चा चल रही थी। आम आदमी पार्टी की मंगलवार को हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगा दी गई। मुख्यमंत्री की रेस में कई नाम और शामिल बताए जा रहे थे लेकिन आतिशी सब भारी पड़ीं और उन्हें बैठक में विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

Tags:    

Similar News