Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मतदान कल, प्रचार का शोर थमने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करने में जुटे

Assembly Election 2023: चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी और अब प्रचार का शोर थमने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करने में जुट गए हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-16 05:04 GMT

MP and Chhattisgarh Assembly election 2023  (photo: social media )

Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार की शाम प्रचार का शोर थम गया। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को सुबह सात से होगा। छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव में 20 सीटों के लिए 7 नवंबर को वोटिंग हुई थी जबकि शेष 70 सीटों के लिए शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी और अब प्रचार का शोर थमने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करने में जुट गए हैं। इसके साथ ही बंद कमरों में बैठकें करके चुनाव का रुख मोड़ने की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं।

Chhattisgarh Election 2023: 126 प्रत्याशियों पर क्रिमिनल केस

मध्य प्रदेश में आखिरी दिन भाजपा ने पूरी ताकत झोंकी

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा की जंग बना हुआ है और इसी कारण दोनों दल चुनावी बाजी जीतने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए ताकत लगाई।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने तीखे अंदाज में कांग्रेस पर हमला बोला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मध्य प्रदेश में कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया और मतदाताओं से कांग्रेस से मुक्ति पाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कांग्रेस के लोग हंसा करते थे और अब वहां भव्य राम मंदिर का सपना साकार हो रहा है।


योगी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के सबसे बड़े चेहरे और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कहा कि कमलनाथ भी उस कैबिनेट का हिस्सा थे जिसने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।

MP-CG Election 2023: पीएम मोदी की एमपी-छत्तीसगढ़ की जनता से अपील, सुशासन और विकास के लिए बीजेपी को करें वोट

कांग्रेस के कई दिग्गज भी प्रचार में उतरे

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने भी पूरी ताकत झोंकी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मोर्चा संभाला और मतदाताओं से कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज में मध्य प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है और अब मध्य प्रदेश को भाजपा के राज से मुक्ति दिलाने का समय आ गया है।


अब मतदाताओं से घर-घर संपर्क पर जोर

छत्तीसगढ़ में 20 सीटों पर 7 नवंबर को ही मतदान का काम पूरा हो चुका है और अब राज्य की शेष 70 सीटों पर कल वोटिंग होगी। मध्य प्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को बुरी तरह हराया था और भाजपा इस बार पिछले चुनाव में मिली हार का बदला लेने की कोशिश में जुटी हुई है। छत्तीसगढ़ में बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं ने ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कीं।

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कई अन्य प्रमुख नेताओं ने मोर्चा संभाला। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अब दोनों दलों के कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने में जुट गए हैं। इसके साथ ही बंद कमरों में बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।


MP Election 2023: 'शेर का बच्चा है... गीदड़ थोड़े हैं जो डरकर घर में बैठ जाएगा', जानिए पीएम मोदी को स्मृति ईरानी ने ऐसा क्यों कहा?

पीएम मोदी ने की मतदाताओं से अपील

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों राज्यों की जनता से विकास के लिए भाजपा को समर्थन देने की अपील की है। एक्स पर अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा को महिलाओं और युवाओं का समर्थन हासिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हम छत्तीसगढ़ की जनता को कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएंगे।


पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश में चुनाव अभियान के दौरान अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि राज्य की महिलाएं आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही हैं और उन्होंने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं। उन्होंने अपील की कि दोनों राज्यों के लोगों को भाजपा को समर्थन देकर विकास के सपने को पूरे करने में मदद देनी चाहिए।

Tags:    

Similar News