Mumbai Landslide: मुंबई में जारी है बारिश का कहर, अंधेरी इलाके में देर रात भूस्खलन, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Mumbai Landslide: शहर में जन-जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। हालांकि, बारिश के समय में अक्सर मुंबई में ऐसे हालत देखने को मिलते रहते हैं। बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो रही हैं।

Update: 2023-07-25 03:55 GMT
Mumbai Landslide (photo: social media )

Mumbai Landslide: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तरह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भी इन दिनों भारी बारिश के चपेट में है। पिछले कुछ दिनों से जारी अत्यधिक बारिश के कारण मायानगरी में जगह-जगह जलभराव हो गया है। शहर में जन-जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। हालांकि, बारिश के समय में अक्सर मुंबई में ऐसे हालत देखने को मिलते रहते हैं। बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो रही हैं।

देर रात करीब 2 बजे मायानगरी के अंधेरी ईस्ट चकला इलाके में एक आवासीय सोसायटी के पास भूस्खलन की घटना हुई है। घटना के बाद सोसाइटी में अधिकांश लोग गहरी नींद में सो रहे थे। जोरदार आवाज से सभी की नींद खुल गईं। बाहर जब उन्होंने नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। लैंडस्लाइड को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में घटना की सूचना लोकल पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम दमकल विभाग के गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल मौके पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौजूद हैं। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर लैंडस्लाइड

इससे पहले मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे लैंडस्लाइड की घटना हो चुकी है। बीते दिनों देर रात भूस्खलन के कारण एक्सप्रेव पर यातायात ठप हो गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे से मलबा हटाया गया और फिर यातायात बहाल किया गया। घटना 23 जुलाई रात साढ़े 10 बजे की थी। खंडाला घाट में अदोशी टनल के पास लैंडस्लाइड हुआ। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि आमतौर पर यहां भारी ट्रैफिक देखने को मिलता है।

बता दें कि बुधवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर खालापुर के पास इरशालवाड़ी गांव में लैंडस्लाइड की घटना में 84 लोगों की मौत हो गई थी।

Tags:    

Similar News