भीषण गर्मी से लोग बेहाल,आसमान से बरस रहे अंगारे, यूपी में 164 और बिहार में 73 लोगों की मौत

Weather Update : देश के विभिन्न हिस्सों में इस साल पड़ रही भीषण गर्मी में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण गर्मी और लू के कारण विभिन्न शहरोंकी सड़कों पर दिन में सन्नाटा दिख रहा है और घरों के भीतर भी लोग भीषण तपन से परेशान है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-05-31 19:00 IST

सांकेतिक तस्वीर (Photo - Social Media)

Weather Update : देश के विभिन्न हिस्सों में इस साल पड़ रही भीषण गर्मी में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण गर्मी और लू के कारण विभिन्न शहरोंकी सड़कों पर दिन में सन्नाटा दिख रहा है और घरों के भीतर भी लोग भीषण तपन से परेशान है। सुबह दस बजे के बाद ही लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

हालत यह हो गई है कि पहाड़ों पर भी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार भीषण गर्मी का यह दौर अभी बना रहेगा। भीषण गर्मी के कारण उत्तर प्रदेश में 164 लोगों की मौत हो गई है जबकि बिहार में 73 मौतों की खबर सामने आई है। देश के कई अन्य हिस्सों में भी तमाम लोग भीषण गर्मी के कारण मौत का शिकार हुए हैं।

गर्मी का विकराल रूप,अस्पतालों में बेड फुल

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी अपना विकराल रूप दिखा रही है। आसमान से बरसते अंगारे से लोगों का दिन बिताना मुश्किल हो गया है और लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। इसके कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी के कारण जनजीवन पर काफी असर पड़ा है और इसकी चपेट में आने से लोग उल्टी-दस्त,पेट दर्द और तेज बुखार जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के अन्य प्रदेशों के अस्पतालों में बढ़ती मरीजों की संख्या के कारण बेड पूरी तरफ फुल हो गए हैं। डॉक्टरों का कहना है की तपिश की चपेट में मधुमेह और हृदय रोगी समेत शारीरिक रूप से अस्वस्थ लोग बहुत जल्दी चपेट में आ जाते हैं और हृदयाघात का खतरा भी बढ़ जाता है।

उत्तर प्रदेश में 164 लोगों की मौत

भीषण गर्मी के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अभी तक 164 लोगों की मौत हो गई है जबकि बिहार में 73 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 12 और ओडिशा में 10 लोग भीषण गर्मी का शिकार हुए हैं। आंध्र प्रदेश, झारखंड, दिल्ली और राजस्थान में भी कई लोगों की मौत होने की खबर है।

देश के अधिकांश हिस्सों में हो रही मौतों के पीछे हीट स्ट्रोक को कारण बताया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में पानी और नमक की कमी होने की वजह से रक्त संचार में बाधा पहुंचती है जिसकी वजह से हीट स्ट्रोक की समस्या पैदा होती है।

देश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना

भीषण गर्मी के इस दौर में एक अच्छी खबर यह है कि आने वाले दिनों में देश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग का करना है कि दिल्ली और एनसीआर में आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। यूपी,राजस्थान और हरियाणा में भी बारिश होने के आसार हैं।

केरल में मानसून ने अपने निर्धारित समय पर पहुंच गया है और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली के एक इलाके में हाल में तापमान अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री पर पहुंच गया था मगर मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश से लोगों को राहत मिल सकती है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Tags:    

Similar News