ब्रिटेन में गूंजा 'अबकी बार 400 पार', ब्रिटिश संसद के बाहर पीएम मोदी के समर्थन में जुटे लोग

Lok Sabha Election 2024: ब्रिटिश संसद के बाहर आज कुछ महिलाओं ने पीएम मोदी के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही विदेश में रहकर भी देश के सबसे बड़े पर्व में हिस्सा लिया।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-19 16:12 GMT

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव देश के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। देश ही नहीं विदेशों में भी इसकी हलचल साफ देखी जा सकती है। दरअसल, ब्रिटेन के पार्लियामेंट स्क्वायर में आज यानी 19 मई को पीएम मोदी का चुनावी नारा ‘अबकी बार 400 पार’ गूंजा। ब्रिटेन में रह रहीं भारतीय मूल की कुछ महिलाएं हाथों में बीजेपी का झंडा लिए ब्रिटिश संसद के सामने पारंपरिक पोशाक में पहुंचीं। बता दें, महिलाएं इस बार के लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी को समर्थन देने के लिए यहां एकत्र हुई थीं। ब्रिटिश संसद के सामने एकत्र हुई इन महिलाओं में तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, बिहार, ओडिशा सहित भारत के अलग-अलग राज्यों की मूल निवासी थीं। महिलाओं ने भारतीय लोकतंत्र के चुनावी उत्सव में शामिल होने का यह अनूठा तरीका अपनाया, जिसकी चर्चा इंटरनेट पर जोर शोर से हो रही है।

महिलाओं ने क्षेत्रीय भाषा में दिया स्पीच

ब्रिटिश संसद के सामने एकत्रित हुईं महिलाओं ने उत्साहपूर्ण तरीके से प्रदर्शन के साथ भारत की प्रगतिशील यात्रा को प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी के नेतृत्व में जारी रखने की इच्छा को दर्शाया। ओवरसीज फ्रेंड्स आफ बीजेपी यूके ने आज यानी रविवार को इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा को ऊंचाई दी है, जिससे भारतीय पहचान में गर्व की गहरी अनुभूति पैदा हुई है। महिलाओं ने ब्रिटिश संसद के सामने अपने क्षेत्रीय भाषाओं में जोशीले भाषण दिए। महिलाओं के अनुसार, उनकी आवाज भारत के भविष्य को मजबूती देने में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है। महिलाओं ने प्रधानंत्री मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण इस दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की पुरुलिया में रैली को किया संबोधित

वहीं आज पीएम मोदी बंगाल के दौरे पर थे। यहां उन्होंने चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पुरुलिया की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की सरकार प्रदेश में मां, माटी, मानुष की रक्षा करने का वादा लेकर आई थी, लेकिन अब वही भक्षण कर रही है। संदेशखाली मामले को लेकर भी पीएम मोदी ने ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग शाहजहां शेख को बचाने के लिए संदेशखाली की बहनों को दोषी ठहरा रहे हैं। उनके चरित्र पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की महिलाओं का भरोसा टीएमसी से टूट गया है। संदेशखाली में जो पाप हुआ है, उसने पूरे बंगाल की बहनों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। जैसी भाषा ये उनके लिए बोल रहे हैं, इसका जवाब बंगाल की हर बेटी अपने वोट से टीएमसी को तबाह कर के देगी।

Tags:    

Similar News