किसानों के प्रदर्शन के बीच PM मोदी पहुंचे पटियाला, सीएम मान को बताया कागजी मुख्यमंत्री

PM Modi in Patiala: प्रधानमंत्री मोदी ने आज पंजाब के पटियाला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यहां से मेरी कईं यादें जुड़ी हैं।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-23 12:19 GMT

PM Modi in Patiala: लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार करने आज पीएम मोदी पंजाब के पटियाला पहुंचे। बता दें, करीब 20 साल बाद आज देश के किसी प्रधानमंत्री ने पटियाला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने साल 2004 में अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए पटियाला में रैली को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बीच किसानों ने पटियाला राजपुरा हाईवे जाम कर दिया। किसानों की मांग थी कि पीएम मोदी से उनकी बात करवाई जाए। पूरे पटियाला में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। करीब शाम 4:40 बजे मंच पर पहुंचे पीएम मोदी को तलवार और सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद पीएम ने जनता को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पटियाला से मेरी बहुत यादें जुड़ी हैं। यहां दोस्तों के साथ बारादरी गार्डन में घूमना याद है। जब भी पंजाब आता हूं, यहां से प्यार बढ़ जाता है। 

सीएम मान को बताया कागजी मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “वोट उसे दीजिए जो सरकार बनाए। जो विकसित पंजाब और भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हो। लोकसभा चुनाव देश को मजबूत बनाने का चुनाव है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन देश को बांटना चाहता है। मोदी देश को आगे बढ़ाना चाहता है। मैं यहां पंजाब की जनता से आशीर्वाद मांगने आया हूं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के लोगों ने खेती से लेकर उद्योग के क्षेत्र में अपना योगदान दिया है। पंजाब में राज्य सरकार का आदेश नहीं चलता। यहां खनन माफिया का राज है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कागजी सीएम को दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने से ही फुर्सत नहीं है।

पहले करतारपुर साहिब कॉरिडोर का दूरबीन से होता था दर्शन

Full View

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे राममंदिर के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण का विरोध किया। हमारी आस्था की हर बात से उनको नफरत है। कांग्रेस ने सत्ता के लिए देश का बंटवारा किया। 70 साल तक हमें करतारपुर साहिब के दूरबीन से दर्शन करने पड़े। बंटवारे के समय अगर मैं होता तो पाकिस्तान से करतापुर लेकर रहता। गुरुओं की सेवा से बड़ा कुछ नहीं है। आज करतारपुर साहिब कॉरिडोर से श्रद्धालु गर्व के साथ दर्शन के लिए जाते हैं। साथ ही पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने लंगर को टैक्स फ्री किया। साहिबजादों के बलिदान को समर्पित वीर बाल दिवस की शुरूआत की। देश के लोगों को इतने बड़े बलिदान के बारे में जानकारी नहीं थी, इसलिए ये दिवस शुरू किया गया।

Tags:    

Similar News