Mann Ki Baat: 'नाटू-नाटू और द एलिफेंट व्हिस्परर्स' का पीएम मोदी ने किया जिक्र, बोले - 2023 मेें दुनिया ने भारत की रचनात्मकता को देखा

Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के 108वें एपिसोड को संबोधित किया है। आज के कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य रूप से फिट इंडिया अभियान पर चर्चा की है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-12-31 04:56 GMT

Mann Ki Baat (Photo:Social Media)

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार 31 दिसंबर को अपने रेडियो मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ को संबोधित किया। आज इस कार्यक्रम का 108वां एपिसोड प्रसारित हुआ। पीएम मोदी ने आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से फिट इंडिया अभियान पर चर्चा की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के अलावा चेस के ग्रेंड मास्टर विश्वनाथन आनंद और फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने भी हिस्सा लिया। दोनों ने फिट अभियान को लेकर अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री ने इन दोनों दिग्गजों से मेंटल और फिजिकल हेल्थ की टिप्स सुनवाईं। 

आज के कार्यक्रम में नए हेल्थ स्टार्टअप्स और भारतीय व्यायाम शैली से जुड़े युवाओं ने भी अपनी यात्रा और अनुभव शेयर किए। इस दौरान पीएम मोदी ने ट्रेडिशनल फूड के जरिए न्यूट्रिशन और मेडिटेशन-योगा के जरिए आध्यात्मिक सेहत को बढ़ावा देने पर बात की। उन्होंने नए साल का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2024 की शुरूआत करने के लिए आपके पास अपनी फिटनेस से बड़ा संकल्प और क्या होगा। प्रधानमंत्री ने फिटनेस के क्षेत्र में काम कर रहे एक स्टार्टअप का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे-जैसे शारीरिक स्वास्थ्य में रुचि बढ़ती है, वैसे-वैसे इस क्षेत्र में प्रशिक्षकों और प्रशिक्षकों की मांग भी बढ़ती है। 'JOGO प्रौद्योगिकियों' जैसे स्टार्टअप इस मांग को पूरा करने में मदद कर रहे हैं।" 

नाटू-नाटू और द एलिफेंट व्हिस्परर्स का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि जब नाटू-नाटू को ऑस्कर मिला तो पूरा देश खुशी से झूम उठा। द एलिफेंट व्हिस्परर्स को सम्मान की बात जब सुनी तो कौन खुश नहीं हुआ। इनके माध्यम से दुनिया ने भारत की रचनात्मकता को देखा और पर्यावरण के साथ हमारे जुड़ाव को समझा। उन्होंने क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में हार जाने के बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।"

उन्होंने आगे कहा, ये 140 करोड़ भारतीयों की ताकत है कि इस वर्ष हमारे देश ने कई विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत का कोना-कोना आत्मविश्वास से भरा हुआ है। विकसित भारत की भावना से, आत्मनिर्भरता की भावना से ओत-प्रोत है। उन्होंने देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2024 में भी हमें इसी भावना और गति को बनाए रखना है। 

पीएम मोदी ने 108 अंक का महत्व बताया

आज मन की बात कार्यक्रम का 108वां एपिसोड है। इस मौके पर पीएम मोदी ने इस अंक के महत्व को बताया। उन्होंने कहा, हमारे यहां 108 अंक का महत्व, उसकी पवित्रता एक गहन अध्ययन का विषय है। माला में 108 मनके, 108 बार जप, 108 दिव्य क्षेत्र, मंदिरों में 108 सीढ़ियां, 108 घंटियां, 108 का ये अंक असीम आस्था ये जुड़ा हुआ है। इसलिए 'मन की बात' का 108 वां एपिसोड मेरे लिए और खास हो गया है।

कहां-कहां हो रहा कार्यक्रम का प्रसारण

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 11 बजे से आकाशवाणी से हुआ। इसके अलावा दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क, आकाशवाणी वेबसाइट और न्यूजऑनएयर मोबाइल ऐप पर भी प्रसारित किया गया। इसके अतिरिक्त डीडी न्यूज, पीएमओ (प्रधानमंत्री दफ्तर) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी लाइव-स्ट्रीम किया गया।  कार्यक्रम का पहले हिंदी भाषा में प्रसारण किया गया, बाद में आकाशवाणी अन्य रीजनल भाषाओं में भी इसका प्रसारण करेगा।

2014 में प्रसारित हुआ था पहला एपिसोड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद अपना लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की शुरूआत की थी। इसका पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की समयसीमा 14 मिनट थी, जिसे बाद में बढ़ाकर आधा घंटा यानी 30 मिनट कर दिया गया था। कार्यक्रम का 100वां एपिसोड 30 अप्रैल 2023 को प्रसारित किया गया था। इस कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है।

Tags:    

Similar News