Dussehra 2023: 'सदियों का इंतजार खत्म हो रहा...भगवान श्री राम आने वाले हैं ', दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में बोले PM मोदी

Dussehra 2023 Live Updates: बुराई पर अच्छाई की जीत का त्यौहार विजयदशमी देशभर में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में रावण दहन हुआ।

Report :  aman
Update: 2023-10-24 12:39 GMT

pm modi (Social Media)

Dussehra 2023: देशभर में दशहरा का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (24 अक्टूबर) शाम राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित रामलीला मैदान पहुंचे। पीएम मोदी विजयदशमी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की पूजा की। उसके बाद अपना संबोधन दिया। फिर रावण दहन में शामिल हुए। ज्ञात हो, दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसे लेकर जगह-जगह मेले लगे हैं। रावण दहन का शुभ मुहूर्त 5:43 बजे से शुरू होकर रात 8: 54 बजे तक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के द्वारका स्थित रामलीला मैदान में विजयादशमी कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के साथ एक अन्य पुतला भी बनाया गया था। यह पुतला महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के विरोध में तैयार किया गया है। रावण के साथ-साथ इसका भी दहन किया गया। गौरतलब है, दशहरा (Durga Puja 2023) हिंदू धर्म में 'शस्त्र पूजन' का भी दिन है। इस दौरान शमी वृक्ष का भी पूजन किया जाता है। 

Live Updates
2023-10-24 13:34 GMT

द्वारका में रावण दहन, पीएम मोदी रहे मौजूद

प्रधानमंत्री मोदी की मौजदूगी में दिल्ली के द्वारका सेक्टर 10 स्थित रामलीला मैदान में रावण दहन हो गया। इससे पहले, पंजाब के होशियारपुर, श्रीनगर और पटना सहित कई अन्य शहरों में रावण दहन हुआ। 

2023-10-24 13:30 GMT

PM मोदी ने लोगों से ये 10 संकल्प लेने को कहा :

- आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए हर देशवासी को पानी बचाना है। 

- डिजिटल लेनदेन के लिए लोगों को और प्रेरित करना है।

- गांव और शहर स्वच्छता में सबसे आगे जाएंगे। 

- अधिक से अधिक 'वोकल फॉर लोकल' का अनुसरण करेंगे। 

- हम सभी क्वालिटी वर्क करेंगे। 

- पहले अपना देश देखेंगे। यात्राएं करेंगे। समय मिला तो विदेश जाने के बारे सोचेंगे। 

- प्राकृतिक खेती (natural farming) के प्रति किसानों को जागरूक करेंगे। 

- 'सुपरफूड मिलेट्स' (मोटा अनाज) को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करेंगे। 

- योग, खेल या फिटेनस को प्राथमिकता देंगे।

- हम कम से कम एक गरीब परिवार का सदस्य बनकर उनका सामाजिक और आर्थिक स्तर ऊपर उठाएंगे। 

2023-10-24 13:25 GMT

हर बुराई को समाप्त करें जो सौहार्द तोड़ती है

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'भारत के भाग्य का उदय होने जा रहा है। ऐसे वक़्त में भारत को सतर्क रहना होगा। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है कि 'रावण दहन' के रूप में बस एक पुतले का दहन ना करें, बल्कि हर उस बुराई को समाप्त करें जो देश के सौहार्द को तोड़ती है।'

2023-10-24 13:22 GMT

मिशन मून, अर्थव्यवस्था, नया संसद, महिला आरक्षण पर भी बोले

पीएम मोदी ने भारत के बढ़ते कद की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, विजयादशमी भगवान राम की वापसी के समान है। भारत में कई शगुन हो रहे हैं। हम चांद पर भी पहुंच गए। हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। देश में नया संसद भवन बन गया। महिला आरक्षण विधेयक पारित हो गया। इस समय पूरी दुनिया 'लोकतंत्र की जननी' को निहार रही है।

2023-10-24 13:17 GMT

'राम मंदिर का निर्माण हमारी जीत'

प्रधानमंत्री ने इस दौरान अयोध्या में निर्मित हो रहे राम मंदिर (Ram Mandir) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'सदियों का इंतजार खत्म हो रहा है। राम मंदिर का निर्माण हमारी जीत जैसा है। भगवान श्री राम आने ही वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'भय प्रकट कृपाला' का भी उल्लेख किया। 

2023-10-24 13:14 GMT

PM मोदी- हम भगवान राम की मर्यादा जानते हैं

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हमारी शक्ति पूजा पूरे विश्व की समृद्धि के लिए है। हम गीता का ज्ञान भी रखते हैं और ये भी जानते हैं कि आईएनएस विक्रांत (INS Vikrant) और तेजस का निर्माण कैसे किया जाता है। हम भगवान श्रीराम की मर्यादा को भी जानते हैं और अपनी सीमाओं की रक्षा करना भी।'

2023-10-24 13:12 GMT



'रक्षा के लिए शस्त्र की पूजा करते हैं, आक्रमण के लिए नहीं'

द्वारका रामलीला ग्राउंड (Dwarka Ramlila Ground) में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन शुरू हुआ। पीएम मोदी ने कहा, 'ये पर्व हमारे लिए संकल्प को दोहराने का मौका है। ये 'आवेश पर धैर्य; की विजय का भी पर्व है। ये अहंकार पर विजय का पर्व है। उन्होंने आगे कहा, यह अत्याचारी रावण पर भगवान श्री राम की विजय का उत्सव है। हम आज ऐसे समय विजयादशमी का जश्न मना रहे हैं, जब हमने चंद्रमा की जीत के दो महीने पूरे किए। विजयादशमी पर 'शस्त्र पूजन' का रिवाज रहा है। हम रक्षा के लिए शस्त्र की पूजा करते हैं, आक्रमण के लिए नहीं।'

2023-10-24 13:04 GMT

PM मोदी- परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, 'देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व नकारात्मक शक्तियों के अंत के साथ ही जीवन में अच्छाई को अपनाने का संदेश लेकर आता है।'

2023-10-24 13:01 GMT

नव श्री रामलीला में पहुंचीं सोनिया गांधी

दिल्ली के नव श्री रामलीला में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पहुंचीं हैं।  

2023-10-24 12:55 GMT

लाल किला पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

दिल्ली के लाल किला मैदान में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) पहुंचीं हैं। 

Tags:    

Similar News