'वो आज भी वही खेल खेल रहे, तब भी जात-पात के नाम पर समाज को बांटते थे और आज भी', PM मोदी का विपक्ष पर हमला

MP Election 2023: बिहार की नीतीश सरकार द्वारा जातिगत सर्वे रिपोर्ट जारी करने को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा। जानें क्या कहा...

Report :  aman
Update: 2023-10-02 11:54 GMT

pm narendra modi (Social media) 

PM Modi Mp Visit: मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर हैं। पीएम मोदी सोमवार (2 अक्टूबर) को ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य के लिए 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने विपक्ष पर करारा वार किया। बोले, 'विकास विरोधी लोगों को देश ने छह दशक दिए। अगर 9 साल में इतना काम हो सकता है तो 60 साल में कितना हो सकता था, जो वो नहीं कर पाए।'

बिहार की नीतीश सरकार ने सोमवार (02 अक्टूबर) को जातिगत सर्वे रिपोर्ट की। इस पर भी प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'ये उनकी नाकामी है। वो तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे, आज भी वही खेल खेल रहे हैं। वो तब भी जात-पात के नाम पर समाज को बांटते थे और आज भी वही पाप कर रहे हैं। वो तब भी भ्रष्टाचार में डूबे रहते थे और आज तो घोर भ्रष्टाचारी हो गए हैं।'

PM मोदी- जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहा विपक्ष

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'कांग्रेस के 'घमंडिया गठबंधन' के नेता महिलाओं को लेकर कैसी-कैसी अपमानजनक बातें कर रहे हैं। ये तो आए दिन हम देख रहे हैं। दरअसल, ये चाहते ही नहीं हैं कि महिलाओं को उनका हक मिले। इसलिए बहाने बना रहे हैं। जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं।' पीएम मोदी ने ये बातें महिला आरक्षण के परिप्रेक्ष्य में कही। 

विपक्ष के पास न विजन, न विकास का एजेंडा

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि, 'एक साल में कोई सरकार उतने लोकार्पण और शिलान्यास का काम नहीं कर सकती, जितना एक दिन में हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास ना तो नई सोच है और न ही विकास का एजेंडा। बिना रोड मैप के विकास की बातें करते हैं। पीएम बोले, इनका तो बस एक ही काम है, देश की प्रगति से नफरत करना। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं।'

महिला आरक्षण पर भी बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण (Women's reservation) पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'अनेक सरकारें आईं और गईं। हमारी बहनों को लोकसभा और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण देने के झूठे वादे कर बार-बार वोट मांगे गए। लेकिन संसद में साजिश कर महिला आरक्षण पर कानून बनाने से रोका गया। ये मत भूलिए मोदी ने गारंटी दी थी। आज 'नारी शक्ति अधिनियम' एक सच्चाई बन चुका है।'

'ये विकास विरोधी लोग...'

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में सरकार की विकास गाथा भी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा, 'देखिए आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। दुनिया को भारत में अपना भविष्य नजर आ है। लेकिन, जिन्हें कुर्सी के सिवा कुछ नहीं दिखाई देता उन्हें देश का डंका बजना भी अच्छा नहीं लगता। पीएम ने बताया, भारत 9 वर्षों में 10वें से 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बन गया है। लेकिन, ये विकास विरोधी लोग सिद्ध करने में जुटे हैं ऐसा हुआ ही नहीं।'

आज भी जात-पात में बांटने का पाप कर रहे

उन्होंने कहा, 'ये सत्ता के भूखे लोग, इनके पेट में दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे। 60 साल कम नहीं होते हैं विकास कार्यों के लिए। उनके पास भी मौका था, मगर नहीं कर पाए। तब भी मेरी भावनाओं से खेलते थे, आज भी वही खेल खेल रहे हैं। वो आज भी जात-पात में बांटने का पाप कर रहे हैं। वो आज भी घोर भ्रष्टाचारी हो गए हैं। वो पहले भी एक परिवार का गौरव गान करते थे, आज भी एक ही परिवार में भविष्य देखते हैं। इसलिए वो विकास नहीं देख पाते।'

Tags:    

Similar News