आज सभी एक्सपर्ट एक सुर में कह रहे, 'It is India's Moment', बोले प्रधानमंत्री मोदी

PM Narendra Modi : पीएम मोदी ने कहा, आज दुनिया के बड़े इकोनॉमिस्ट, एनालिसिस्ट, थिंकर सभी एक सुर में कह रहे हैं कि It is India's Moment।

Update: 2023-03-18 20:55 GMT
PM Narendra Modi (Social Media)

PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि, आज सारे विशेषज्ञ एक सुर में कह रहे हैं कि ये समय भारत का है। उन्होंने कहा, मैंने 20 महीने पहले लाल किले की प्राचीर से कहा था, यही समय है, सही समय है। उन्होंने आगे कहा कि, आज दुनिया के बड़े अर्थशास्त्री, एनालिसिस्ट और थिंकर भी कह रहे हैं कि 'It is India's Moment'। प्रधानमंत्री मोदी ने ये बातें शनिवार (18 मार्च) को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में कही।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, 'आज वैश्विक चुनौतियां काफी अधिक है। 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी को भी देखा। महामारी सबसे बड़ा संकट के रूप है। दो देश (रूस-यूक्रेन) महीनों से युद्ध लड़ रहे हैं। पूरी दुनिया की सप्लाई चेन अस्त-व्यस्त है। ऐसी स्थिति में 'द इंडिया मूमेंट' की बात होना सामान्य नहीं है। इसे गंभीरता से लेना चाहिए। ये एक नया इतिहास बन रहा है। जिसके हम सभी साक्षी हैं। पीएम मोदी ने कहा, आज पूरी दुनिया भारत को लेकर विश्वास से भरी है। वर्तमान में भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।'

पहले घोटाले की ख़बरें थी, आज उन पर एक्शन की

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि 'एक समय था जब घपलों-घोटालों की खबरें ज्यादा देखने को मिलती थी। आज भ्रष्टाचारियों पर एक्शन की खबर आती है। पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा, नॉर्थ ईस्ट के लोगों को पहले दिल और दिल्ली की दूरी अखरती थी। मैं वहां जाने की हाफ सेंचुरी मार चुका हूं।'

दुनिया भारत की तरफ विश्वास भरी नजरों से देख रही

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज पूरी दुनिया भारत की तरफ विश्वास भरी नजरों से देख रही है। आज भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में गिनी जा रही है। वर्तमान में भारत दुनिया में पहले नंबर का स्मार्टफोन डेटा कंज्यूमर है। वहीं, भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मेन्यूफेक्चरर है।'

'स्टार्टअप इकोसिस्टम' में भारत तीसरे नंबर पर

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'मौजूदा दौर में भारत ग्लोबल फिनटेक एडॉप्शन रेट (Global Fintech Adoption Rate) में पहले स्थान पर है। आज भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा 'स्टार्टअप इकोसिस्टम' है। ऐसी कितनी ही बातों पर चर्चा होती नहीं ही है। लेकिन, चलो पुरानी बातें कभी किसी को जरूरत पड़ेगी तो खोदकर निकालेगा।'

नए साल के 75 दिनों में भी कई उपलब्धियां

पीएम मोदी ने कहा, 'अब इस साल की बात करें। वर्ष 2023 के 75 दिन पूरे हुए हैं। इन 75 दिनों में देश का ऐतिहासिक ग्रीन बजट (green budget) आया। कर्नाटक के शिवमोगा में एयरपोर्ट (Airport in Shivamogga) का लोकार्पण हुआ। मुंबई में मेट्रो के अगले चरण का काम शुरू हुआ है। देश में दुनिया का सबसे बड़ा रिवर-क्रूज (river cruise) चालू हुआ। इसी कड़ी में बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेस-वे (Bangalore-Mysore Expressway) शुरू हुआ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) का एक सेक्शन शुरू किया गया है। मुंबई से विशाखापट्नम तक वंदे भारत ट्रेने (Vande Bharat Trains) शुरू हुई। आईआईटी धारवाड़ (IIT Dharwad) के स्थायी कैंपस का भी लोकार्पण हुआ।'

'दो ऑस्कर जीतने की खुशी मिली, क्या ये कम है'

पीएम मोदी ने कहा, 'भारत ने महिला इंटरनेशनल टी-20 में वर्ल्ड कप जीता। देश को दो ऑस्कर जीतने की खुशी मिली। हजारों विदेशी डिप्लोमैट और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि जी-20 की बैठकों में हिस्सा लेने के लिए भारत आए। क्या ये भारत की विकास गाथा के लिए कम है?'

PM मोदी- हर तीसरे दिन G- 20 की एक बैठक हुई

प्रधानमंत्री ने कहा, 'हाल के 75 दिनों में जी-20 की 28 बैठकें हो चुकी हैं। अर्थात हर तीसरे दिन एक बैठक हुई। इसी दौरान एनर्जी समिट भी हुई। आज ही ग्लोबल समिट हुई। हमने देखा बेंगलुरु में हुए एयरो इंडिया (Aero India in Bangalore) में हिस्सा लेने के लिए 100 से अधिक देश भारत आए। सिंगापुर के साथ यूपीआई लिंक-इन (UPI Link-in) की शुरुआत हुई। तुर्किये में आए विनाशकारी भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए ऑपरेशन भी चलाया। कुछ घंटे पहले ही भारत-बांग्लादेश के बीच गैस पाइपलाइन का लोकार्पण हुआ।'
हर क्षेत्र में काम हुआ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'भारत ने ई-संजीवनी (E-Sanjeevani) के माध्यम से 10 करोड़ टेली कंसल्टेशन का मुकाम हासिल किया। 8 करोड़ नए टैप वॉटर कनेक्शन (Tap Water Connection in India) देने का मुकाम हासिल किया। यूपी-उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क के 100 फीसदी इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हुआ। कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में नए चीतों का बैच आया। ये सभी भारत में हो रहे बदलाव के प्रतीक हैं।'

Tags:    

Similar News