Interpol General Assembly: विविधता और लोकतंत्र को कायम रखने में भारत दुनिया के लिए केस स्टडी, बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विविधता और लोकतंत्र को कायम रखने में भारत दुनिया के लिए एक केस स्टडी है। भारतीय पुलिस बल 900 से अधिक राष्ट्रीय और 10 हजार राज्य कानूनों को लागू करता है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-10-18 10:13 GMT

PM Narendra Modi in Interpol General Assembly

Interpol General Assembly: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज यानी मंगलवार (18 अक्टूबर 2022) को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित इंटरपोल की 90वीं वार्षिक आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, कि 'भारत और इंटरपोल के लिए मौजूदा समय काफी अहम है। भारत 2022 में आजादी के 75 साल मना रहा है। यह हमारी संस्कृति, लोगों और उपलब्धियों का अवसर है। वहीं, इंटरपोल भी एक ऐतिहासिक मील के पत्थर के करीब पहुंच रहा है। अगले साल यानी 2023 में यह अपने 100 साल पूरे करेगा।'

प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi in Interpol General Assembly) ने कहा, कि 'आनन्दित होने और चिंतन करने का यह सही समय है। असफलताओं से सीखें, जीत का जश्न मनाएं और फिर भविष्य को उम्मीदों के साथ देखें। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में अहम भूमिका निभाने वाला देश है। आजादी से पहले भी हमने दुनिया को बेहतर बनाने के लिए कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने आतंकवाद के मसले पर दुनिया को एक साथ आने की अपील की।

भारत दुनिया के लिए केस स्टडी

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विविधता और लोकतंत्र को कायम रखने में भारत दुनिया के लिए एक केस स्टडी है। भारतीय पुलिस बल 900 से अधिक राष्ट्रीय और 10 हजार राज्य कानूनों को लागू करता है। उन्होंने कहा कि पिछले 99 सालों में इंटरपोल ने 195 देशों में विश्व स्तर पर पुलिस संगठनों को कानूनी ढांचे में मतभेद के बावजूद जोड़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि बेहतर विश्व के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग आवश्यक है।

वित्तीय अपराधों और करप्शन पर चर्चा संभव

बता दें कि, महासभा इंटरपोल का सर्वोच्च शासकीय निकाय है और साल में इसकी एक बार बैठक होती है। इस बैठक में इंटरपोल के कामकाज की समीक्षा की जाती है और कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाते हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली में आयोजित इंटरपोल की बैठक में वित्तीय अपराधों और करप्शन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जा सकती है।

भारत में 25 साल बाद बैठक

भारत में इंटरपोल आमसभा की बैठक 25 बाद आयोजित की जा रही है। पिछली बार 1997 में इंटरपोल की बैठक का आयोजन किया गया था। मंगलवार को आयोजित बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह. इंटरपोल के अध्यक्ष अहमद नासर अल रईसी और उनके महासचिव जुर्गन स्टॉक भी शामिल हुए हैं।

Tags:    

Similar News