Presidential Election 2022: पर्चा दाखिल करने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने सोनिया, ममता और पवार से मांगा समर्थन

Presidental Election 2022: झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आज पर्चा भर दिया है। इसके बाद उन्होंने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया।

Update: 2022-06-24 09:59 GMT

झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू (Social media)

Presidental Election 2022: सत्ताधारी एनडीए गठबंधन की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाई गईं झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आज पर्चा भर दिया है। इसके बाद उन्होंने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुर्मू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार को फोन कर समर्थन मांगा है। बताया जा रहा कि ममता बनर्जी ने उन्हें राष्ट्रपति चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि वे उन्हें समर्थन देने को लेकर अपने पार्टी में चर्चा करेंगी। 

दरअसल विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। सिन्हा अभी हाल तक टीएमसी में थे और विपक्ष की बैठक में पश्चिम बंगाल सीएम ने ही उनका नाम आगे बढ़ाया था। सोनिया गांधी और शरद पवार ने भी मुर्मू को बधाई दी है। ये दोनों भी सिन्हा की उम्मीदवारी का समर्थन कर चुके हैं।  

द्रौपदी मुर्मू ने भरा नामांकन

द्रौपदी मुर्मू ने आज एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उन्होंने चार सेटों में नामांकन दाखिल किया। मुर्मू की राष्ट्रपति उम्मीदवारी के लिए PM मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, ललन सिंह, पशुपति पारस, रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद प्रस्तावक रहे। इस मौके पर एनडीए नेताओं के अलावा बीजेडी और वाइएसआईआर कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने से पहले द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन परिसर में स्थित महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और बिरसा मुंडा की मूर्तियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि 29 जून को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। 

देश को मिल सकती है पहली आदिवासी राष्ट्रपति

देश में अबतक दलित, मुस्लिम और महिला वर्ग से राष्ट्रपति बन चुका है। लेकिन देश में अब तक आदिवासी वर्ग से कोई व्यक्ति इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में यह मांग उठती रही है कि आदिवासी समाज से भी किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाया जाए। एनडीए गठबंधन की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू इस सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बहुत मुमकिन है कि देश को उनके रूप में पहला आदिवासी राष्ट्रपति मिलेगा। हालांकि, इसके लिए 21 जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा। 

बता दें कि वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। देश को 25 जुलाई 2022 को नया राष्ट्रपति मिलेगा। राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होंगे और नतीजे 21 जुलाई को आएंगे। 

Tags:    

Similar News